यात्रा

IRCTC Jyotirlinga Yatra 2026: 25 सितंबर से शुरू होगी IRCTC की सप्त ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा, 7 ज्योतिर्लिंगों के कराए जाएंगे दर्शन

IRCTC Jyotirlinga Yatra 2026: IRCTC की भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन द्वारा सप्त ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा शुरू होने जा रही है। इस यात्रा में श्रद्धालुओं को 7 ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।

Image

‘सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा’

IRCTC Jyotirlinga Yatra 2026: IRCTC की भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन द्वारा सप्त ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा की शुरुआत 25 सितंबर से होने जा रही है।। इस पैकेज के जरिए एक ही यात्रा में देश के सात प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराए जाएंगे। ‘सप्त ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा’ के तहत महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग को यात्रा में शामिल किया गया है।

यह यात्रा खासतौर पर उन श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी है जो अलग-अलग राज्यों में स्थित ज्योतिर्लिंगों के दर्शन एक साथ करना चाहते हैं। भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में यात्रा के साथ निर्धारित स्थानों पर ठहरने और दर्शनीय स्थलों के भ्रमण की व्यवस्था भी पैकेज के अनुसार की जाएगी। IRCTC के इस भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन पैकेज की अवधि 10 रात और 11 दिन रखी गई है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन में महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर, द्वारका क्षेत्र में नागेश्वर और सोमनाथ, पुणे में भीमाशंकर, नासिक में त्र्यंबकेश्वर और छत्रपति संभाजीनगर क्षेत्र में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। इस तरह एक ही टूर में पश्चिम और मध्य भारत के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों को कवर करने का मौका मिलेगा।

दिल्ली से रवाना होगी भारत गौरव ट्रेन

2026 के विशेष ‘सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा’ पैकेज के तहत भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन 25 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और 5 अक्टूबर को वापस दिल्ली पहुंचेगी। प्रस्तावित रूट में दिल्ली सफदरजंग, उज्जैन, महू, द्वारका, ओखा, वेरावल, खड़की जंक्शन, छत्रपति संभाजीनगर और नासिक रोड जैसे स्टेशन शामिल हैं। यात्रा का रूट ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

कितना है भारत गौरव ट्रेन का किराया

IRCTC के इस पैकेज में यात्रियों के लिए अलग-अलग एसी श्रेणियों और शेयरिंग विकल्प के आधार पर किराया तय किया गया है।

सुपीरियर एसी-1

सिंगल शेयरिंग का किराया 1,34,255 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। डबल शेयरिंग के लिए 1,19,425 रुपये और ट्रिपल शेयरिंग के लिए 1,17,305 रुपये का पैकेज है। 5 से 11 साल के बच्चे के लिए किराया 1,09,910 रुपये निर्धारित किया गया था।

डीलक्स एसी-2

एसी-2 श्रेणी में सिंगल शेयरिंग के लिए 1,24,755 रुपये, डबल शेयरिंग के लिए 1,09,925 रुपये और ट्रिपल शेयरिंग के लिए 1,07,805 रुपये का किराया है। 5 से 11 वर्ष के बच्चे का किराया 1,00,410 रुपये रखा गया है।

कंफर्ट एसी-3

कंफर्ट एसी-3 में सिंगल शेयरिंग का पैकेज 1,05,760 रुपये, डबल शेयरिंग का 90,930 रुपये और ट्रिपल शेयरिंग का 88,810 रुपये है। 5 से 11 वर्ष के बच्चे के लिए किराया 81,415 रुपये निर्धारित किया गया था।

कैसे कर सकते हैं बुकिंग

भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के इस तरह के पैकेज की बुकिंग IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए की जा सकती है। टिकट बुक करने से पहले यात्रियों को पैकेज में शामिल सुविधाओं, यात्रा कार्यक्रम, ठहरने की व्यवस्था और नियम एवं शर्तों की जानकारी जरूर देखनी चाहिए। पैकेज के अनुसार ट्रेन यात्रा के साथ निर्धारित ठहराव और स्थानीय दर्शनीय स्थलों की यात्रा जैसी सुविधाएं भी शामिल होती हैं।, दिए गए पैकेज नियमों के अनुसार, यात्रा से 15 दिन या उससे पहले टिकट कैंसिल कराने पर प्रति यात्री 250 रुपये की कटौती का प्रावधान था। वहीं, यात्रा से 8 से 14 दिन पहले रद्द कराने पर पैकेज राशि का 25 फीसदी, 4 से 7 दिन पहले कैंसिलेशन पर 50 फीसदी और यात्रा से चार दिन से कम समय पहले टिकट रद्द कराने पर पूरी पैकेज राशि काटे जाने का नियम बताया गया था।

एक पैकेज में सात ज्योतिर्लिंगों की यात्रा

महाकालेश्वर से लेकर घृष्णेश्वर तक सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन को एक ही यात्रा में शामिल करना इस पैकेज की खास बात है। श्रद्धालुओं को अलग-अलग राज्यों की यात्राओं की अलग से तैयारी करने के बजाय एक तय कार्यक्रम के तहत धार्मिक यात्रा पूरी करने का मौका मिलता है।यात्रा की तारीख, किराया, उपलब्धता और पैकेज में शामिल सुविधाएं बदल सकती हैं, इसलिए बुकिंग से पहले IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूदा पैकेज की पूरी जानकारी और ताजा नियम जरूर जांचना जरूरी है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article