क्रिकेट

सैंडपेपरगेट विवाद मामले में उतरा एमसीसी, मुखिया ने दी गड़े मुर्दे नहीं उखाड़ने की सलाह

सैंडपेपरगेट विवाद मामले में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब क्लब भी उतर आया है। संस्था के अध्यक्ष फ्रेजर स्टीवर्ट ने गड़े मुर्दों को फिर से नहीं उखाड़ने की सलाह दी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब के मुखिया फ्रेजर स्टीवर्ट (फोटो क्रेडिट PTI Screen grab)

शारजाह: मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने रविवार को कहा कि क्रिकेट गेंद पर रेगमाल (सैंडपेपर) का इस्तेमाल खेल के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है और इसके लिए दी गई सजा उचित थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में छाया यह विवाद जल्द ही पीछे छूट जाएगा और क्रिकेट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर चर्चा होगी।

सैंडपेपरगेट मामला था नियमों का उल्लंघन

वर्ष 2018 में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन टेस्ट के दौरान सामने आया रेगमाल विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में इस मामले को लेकर कुछ सनसनीखेज खुलासे किए हैं। इसके बाद क्रिकेट जगत में एक बार फिर इस प्रकरण पर बहस छिड़ गई है। स्टीवर्ट ने 'डीपी वर्ल्ड आईएलटी20' के दौरान कहा,'क्रिकेट के नियमों के लिहाज से गेंद पर रेगमाल का इस्तेमाल स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है। इस बात पर शायद ही किसी को संदेह हो। आठ साल बाद इस मामले में कौन क्या जानता था और किसकी क्या भूमिका थी, इस पर नए आरोप लगाना एमसीसी की टिप्पणी का विषय नहीं है।'

उलब्धियों को मिलनी चाहिए अखबारों में जगह

एमसीसी अध्यक्ष ने कहा,'क्रिकेट को अखबारों के पन्ने पर विवादों के कारण नहीं, बल्कि खेल से जुड़ी उपलब्धियों के लिए जगह मिलनी चाहिए। किसकी गलती थी और कौन सही था, इस पर टिप्पणी करना मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं है। हालांकि, नियमों के नजरिये से गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल अवैध था और इसके लिए सजा दिया जाना उचित था।

एशेज से पहले थम जाएगा विवाद

आईएलटी20 ने एमसीसी के साथ मिलकर टूर्नामेंट में खेल भावना को बढ़ावा देने की पहल की है। इसी सिलसिले में स्टीवर्ट टूर्नामेंट में मौजूद थे। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड (सीए) ने इस विवाद की जांच जल्दबाजी में पूरी की थी या नहीं, इस सवाल पर स्टीवर्ट ने कहा कि इसकी जांच करना क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का अधिकार क्षेत्र है। उन्होंने कहा,'इस मामले में दोनों पक्षों की अपनी-अपनी राय है। मुझे नहीं पता कि वास्तविक सच्चाई क्या है।' स्टीवर्ट ने उम्मीद जताई कि अगले साल इंग्लैंड में होने वाली बहुप्रतीक्षित एशेज शृंखला तक यह विवाद पीछे छूट जाएगा और प्रशंसक क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

नो हैंडशेक नीति है उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैचों में हाथ नहीं मिलाने की नीति पर पूछे गए सवाल पर भी स्टीवर्ट ने सीधी टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दे क्रिकेट से परे होते हैं और भू-राजनीतिक परिस्थितियों पर बोलना उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। उन्होंने कहा,'हमारे नियंत्रण में केवल इतना है कि मैदान पर खिलाड़ी एक-दूसरे का सम्मान करें, अंपायरों और उनके फैसलों का सम्मान करें तथा खेल की गरिमा बनाए रखें।'

टेस्ट में नो बॉल पर दिया जा सकता है फ्री हिट

स्टीवर्ट ने इस मौके पर संकेत दिया कि एमसीसी टेस्ट क्रिकेट में भी नो-बॉल के बाद फ्री हिट देने के प्रावधान पर विचार कर सकता है। फिलहाल यह नियम सीमित ओवरों के क्रिकेट में लागू है। उन्होंने कहा,'इस विषय पर चर्चा हुई है, लेकिन फिलहाल सभी प्रारूपों में फ्री हिट लागू करने का फैसला नहीं किया गया है। हालांकि, भविष्य में ऐसा संभव हो सकता है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article