देश

15 दिन में एक करोड़ हिंदू हित चिंतकों को जोड़ेगा विहिप, शुरू किया तीन साल में एक बार होने वाला महाअभियान

गुरुग्राम के सेक्टर-66 स्थित बादशाह आर्य समाज मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में VHP के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित निशानेबाज अभिषेक वर्मा को पहला 'हिंदू हित चिंतक'बनाया गया।

Image

VHP के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन।

विश्व हिंदू परिषद ने देशभर में अपना तीन साल में एक बार होने वाला सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। 'हिंदू हित चिंतक' नाम से शुरू किए गए इस 15 दिवसीय अभियान के तहत संगठन का लक्ष्य एक करोड़ से अधिक हिंदुओं को जोड़ना है। अभियान का नारा 'अबकी बार-एक करोड़ पार'रखा गया है। यह अभियान 6 दिसंबर तक चलेगा।

गुरुग्राम के सेक्टर-66 स्थित बादशाह आर्य समाज मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में VHP के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित निशानेबाज अभिषेक वर्मा को पहला 'हिंदू हित चिंतक'बनाया गया।

सुरेंद्र जैन ने कहा कि इस अभियान के जरिए देशभर में अलग-अलग पंथों,संप्रदायों और मतों से जुड़े एक करोड़ से अधिक हिंदुओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। VHP ने कहा कि अभियान हर तीन साल में आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य हिंदू समुदाय के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना और उसकी गतिविधियों से परिचित कराना है।

घर-घर जाकर लोगों को जोड़ेंगे कार्यकर्ता

अभियान के तहत VHP कार्यकर्ता शहरों और गांवों में घर-घर पहुंचेंगे। इसके अलावा मंदिरों, दुकानों, बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी लोगों से संपर्क किया जाएगा। संगठन के मुताबिक, सदस्यता के लिए प्रत्येक व्यक्ति से 20 रुपये की निर्धारित राशि ली जाएगी।

अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी वर्ष में अभियान

वीएचपी के अनुसार, इस बार का अभियान संगठन के नेता अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष में आयोजित किया जा रहा है। सुरेंद्र जैन ने बताया कि सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, समाज के सभी वर्गों को एकजुट करना और युवाओं को संगठन की विचारधारा एवं गतिविधियों से परिचित कराना इसके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

इस बार अभियान में पहली बार ऑनलाइन सदस्यता और डिजिटल भुगतान के लिए विशेष एप भी शुरू किया गया है। इसके जरिए भुगतान करने वालों को एसएमएस से रसीद भेजने की सुविधा मिलेगी। इस दौरान वीएचपी ने ये भी दावा किया कि अभियान के पहले दिन ही देशभर में हजारों लोगों ने 'हिंदू हित चिंतक' के रूप में पंजीकरण कराया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article