Delhi Accident News: दिल्ली के कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कहर देखने को मिला है। यहां एक फॉर्च्यूनर कार ने सवारी से भरे ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
फॉर्च्यूनर चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में हुई, जहां तेज रफ्तार से आ रही एक फॉर्च्यूनर के ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सीधे ऑटो-रिक्शा में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार यात्री उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद आरोपी फॉर्च्यूनर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
आरोप ड्राइवर की तलाश में पुलिस
हादसे के कारण कुछ देर के लिए रास्ते पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रैफिक फिर से सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार फॉर्च्यूनर चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
