New Passport Validity Rules: बच्चों के साथ विदेश यात्रा प्लान करते समय फ्लाइट टिकट और होटल बुकिंग के अलावा एक चीज सबसे पहले चेक करनी चाहिए, पासपोर्ट की वैधता। बच्चों के मामले में पासपोर्ट के नियम बड़ों से थोड़े अलग हो सकते हैं, इसलिए आखिरी समय पर कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पहले से जानकारी रखना जरूरी है। विदेश मंत्रालय ने 15 साल से कम उम्र के बच्चों के 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की वैधता से जुड़ा नियम बदला है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 100 से भी कम टूरिस्ट्स पहुंचते हैं भारत की इस हिडन वैली में, Tanya Khanijow ने रिवील की मस्ट विजिट ट्रेवल डेस्टिनेशन
अब ऐसा पासपोर्ट पांच साल या बच्चे के 18 साल का होने तक वैध रहेगा, जो भी पहले हो। यानी परिवार अगर अगले कुछ सालों में बच्चे के साथ विदेश यात्रा की तैयारी कर रहा है, तो पासपोर्ट की तारीखों का हिसाब समझना पहले से जरूरी है। साथ ही सिर्फ पासपोर्ट की एक्सपायरी देखना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि कई देशों में प्रवेश के लिए यात्रा की तारीख से आगे तक पासपोर्ट की न्यूनतम वैधता जरूरी होती है। इसलिए टिकट बुक करने से पहले पासपोर्ट की तारीख जरूर जांच लें।
बच्चों के पासपोर्ट की एक्सपायरी डेट
विदेश मंत्रालय के नए नियमों के अनुसार, अगर बच्चा 13 साल का है और उसका पासपोर्ट बनता है, तो सामान्य तौर पर पांच साल की अवधि और 18 साल की उम्र.. इन दोनों में जो पहले आएगा, वही अंतिम सीमा होगी। अगर बच्चा 14 साल की उम्र में पासपोर्ट बनवाता है, तो वह 18 साल की उम्र तक ही वैध रहेगा, भले ही पांच साल पूरे न हुए हों। यानी याद रखने वाली बात सिर्फ इतनी है कि, 5 साल की पासपोर्ट अवधि या 18 साल की उम्र, जो पहले हो.. वही बच्चे के पासपोर्ट की एक्सपायरी डेट होगी।
विदेश यात्रा में यह नियम क्यों जरूरी है
मान लीजिए आपने बच्चों के साथ थाईलैंड, दुबई, सिंगापुर या यूरोप घूमने का प्लान बनाया है। टिकट और होटल बुक करने से पहले बच्चे का पासपोर्ट निकालकर उसकी वैधता देख लेना बेहद जरूरी है। सिर्फ यह देखना पर्याप्त नहीं है कि पासपोर्ट आपकी यात्रा की पूरी अवधि तक वैध है। जिस देश में आप जा रहे हैं, वहां विदेशी यात्रियों के लिए पासपोर्ट की न्यूनतम वैधता से जुड़ी अलग शर्तें हो सकती हैं। इसलिए यात्रा से पहले संबंधित देश की आधिकारिक वीजा या इमिग्रेशन जानकारी भी जरूर जांचें।
फैमिली ट्रिप से पहले ये 5 चीजें चेक करें
1. बच्चे के पासपोर्ट की एक्सपायरी
सबसे पहले पासपोर्ट की अंतिम वैधता तारीख देखें। इसे आखिरी समय के लिए न छोड़ें।
2. देश के प्रवेश नियम
जिस देश में जाना है, वहां पासपोर्ट की कितनी वैधता जरूरी है, यह पहले जांच लें।
3. वीजा की जरूरत
पासपोर्ट वैध होने का मतलब यह नहीं कि हर देश में बिना वीजा प्रवेश मिल जाएगा। अपनी यात्रा के अनुसार वीजा नियम देखें।
4. नाम और जन्मतिथि
टिकट, पासपोर्ट और दूसरे यात्रा दस्तावेजों में बच्चे का नाम और जन्मतिथि सही है या नहीं, यह जरूर मिलाएं।
5. पासपोर्ट की कॉपी संभालकर रखें
यात्रा के दौरान पासपोर्ट की डिजिटल और प्रिंट कॉपी अलग-अलग जगह रखना उपयोगी हो सकता है।
पासपोर्ट बनवाने या दोबारा जारी कराने का तरीका
पासपोर्ट के लिए आवेदन और दोबारा जारी कराने की प्रक्रिया आधिकारिक Passport Seva पोर्टल के जरिए की जा सकती है। पोर्टल पर आवेदन भरने, शुल्क जमा करने और पासपोर्ट सेवा केंद्र की अपॉइंटमेंट लेने की सुविधा उपलब्ध है। माता-पिता के लिए एक और जरूरी बात यह है कि पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करें।
