Times Now Navbharat
live-tv
Premium

85% विजन लॉस, ब्रेन हेमरेज का खतरा...अदियाला जेल में बंद इमरान खान को क्यों सता रहा है मौत का डर?

इमरान खान ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि उन्हें जेल में बेहद अमानवीय परिस्थितियों में रखा गया है। उनका दावा है कि उन्हें लंबे समय से दिन में 22 घंटे तक एकांतवास में रखा जा रहा है। उन्हें परिवार के सदस्यों, वकीलों और यहां तक कि अपने बेटों से फोन पर नियमित बात करने से भी रोका जा रहा है।

Image
इमरान खान की जान को कितना खतरा?
Authored by: अमित कुमार मंडल
Updated Nov 18, 2026, 15:04 IST
Follow on Google News

पाकिस्तान की सियासत के सबसे बड़े चेहरे और पूर्व प्रधानमंत्री 74 वर्षीय इमरान खान (Imran Khan) की सलाखों के पीछे बिगड़ती तबीयत ने पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है। पाकिस्तान की अडियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने देश की शीर्ष न्यायपालिका को एक खुला पत्र लिखकर अपनी और अपनी पत्नी बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत पर गंभीर चिंता जताई है। इमरान खान के वकील सलमान सफदर द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किए गए इस पत्र में आरोप लगाया गया है कि जेल प्रशासन सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी कर रहा है और उचित इलाज न मिलने से उनकी जान को खतरा है। इमरान ने आशंका जताई है कि जिस तरह से उनकी मेडिकल अनदेखी की जा रही है, उससे वे जेल से जिंदा बाहर नहीं लौट पाएंगे। कैसी है इमरान खान की हालत, क्यों उनकी जान को है खतरा और क्यों लंबे समय से जेल की कोठरी में जिंदगी काट रहे हैं इमरान, विस्तार से जानते हैं।

आंखों की रोशनी में भारी गिरावट

इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर सबसे चौंकाने वाला खुलासा उनकी आंख की गंभीर बीमारी को लेकर हुआ है। मेडिकल रिपोर्ट और वकीलों के खुलासे के मुताबिक, इमरान खान को सेंट्रल रेटिनल वेन ओक्लुजन नामक गंभीर बीमारी है। इसमें आंख की मुख्य नस में ब्लॉकेज या खून का थक्का जमने से रेटिना को ऑक्सीजन मिलना बंद हो जाता है। कानूनी और मेडिकल रिपोर्टों के अनुसार, इस बीमारी के कारण उनकी दाहिनी आंख की लगभग 85% रोशनी जा चुकी है और केवल 15% विजन ही बचा है। इसके इलाज के लिए उन्हें कई बार जेल से अस्पताल ले जाकर विशेष इंजेक्शन दिए जा चुके हैं, लेकिन उनकी पार्टी पीटीआई का आरोप है कि उन्हें समय पर और उचित चिकित्सा नहीं मिल रही है।

ब्रेन हेमरेज और कार्डियक अरेस्ट का मंडराता खतरा

आंखों की समस्या के अलावा उनका बढ़ता हुआ ब्लड प्रेशर डॉक्टरों और समर्थकों के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय बन गया है। हाल ही में सामने आए बयानों के मुताबिक, उनका ब्लड प्रेशर अनियंत्रित होकर 192-193 mmHg के खतरनाक स्तर तक पहुंच गया था। मेडिकल एक्सपर्ट्स का मानना है कि इतना उच्च रक्तचाप मरीज को ब्रेन हेमरेजया कार्डियक अरेस्ट जैसी जानलेवा स्थिति में धकेल सकता है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी

इमरान खान ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि उन्हें जेल में बेहद अमानवीय परिस्थितियों में रखा गया है। उनका दावा है कि उन्हें लंबे समय से दिन में 22 घंटे तक एकांतवास में रखा जा रहा है। उन्हें परिवार के सदस्यों, वकीलों और यहां तक कि अपने बेटों से फोन पर नियमित बात करने से भी रोका जा रहा है। पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने पिछले दिनों उनके स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में शिफ्ट करने और मेडिकल बोर्ड से जांच कराने के आदेश दिए थे। हालांकि, वकीलों और पार्टी का आरोप है कि इन आदेशों को कागजों तक सीमित रखा गया और उन्हें सही इलाज मुहैया नहीं कराया गया।

"मैं इस हाल में जिंदा नहीं लौट पाऊंगा"

मुख्य न्यायाधीशों को लिखे अपने पत्र में इमरान खान ने दिल दहला देने वाली बात कही है— "74 साल की उम्र में यह लगातार प्रताड़ना मुझे ऐसी स्थिति में ले जा रही है जहां से मैं शायद जिंदा वापस न लौट सकूं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि वे एक पूर्व प्रधानमंत्री या पार्टी प्रमुख के रूप में नहीं, बल्कि पाकिस्तान के लिए क्रिकेट, परोपकार और सार्वजनिक सेवा में अपना जीवन देने वाले एक आम नागरिक के रूप में न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

क्यों जेल में बंद हैं इमरान खान?

इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। उन पर भ्रष्टाचार और सरकारी गोपनीय दस्तावेज लीक करने सहित 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। तोशाखाना-2 मामले (2021 में सऊदी क्राउन प्रिंस से मिले महंगे बुलगारी ज्वेलरी सेट की खरीद से जुड़ा विवाद) में इमरान खान और बुशरा बीबी को 17-17 साल कैद की सजा सुनाई गई है। इमरान और उनकी पार्टी PTI इन सभी मामलों को राजनीति से प्रेरित बताते रहे हैं। इमरान खान ने पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को लिखे पत्र में कहा कि वे कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए मेडिकल राहत नहीं मांग रहे, बल्कि सिर्फ न्याय चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दो दिनों के भीतर इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल शिफ्ट करने और मेडिकल बोर्ड से जांच कराने का आदेश दिया था, लेकिन इसके बजाय उन्हें सरकारी पिम्स (PIMS) अस्पताल ले जाकर वापस जेल भेज दिया गया। वकील सलमान सफदर ने इमरान के हवाले से लिखा कि वे कोई एहसान नहीं, बल्कि केवल सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन और उचित इलाज चाहते हैं।

बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी जाने का खतरा

जनवरी 2025 से भ्रष्टाचार के एक मामले में जेल में बंद बुशरा बीबी की सेहत को लेकर भी इमरान ने गहरी चिंता जताई है। पत्र के मुताबिक, अप्रैल में बुशरा बीबी को रेटिनल डिटैचमेंट (आंखों की गंभीर समस्या) हुई थी, जिसके बाद कथित तौर पर गुपचुप तरीके से उनकी आंख की जटिल सर्जरी की गई और उन्हें वापस एकांत कारावास में भेज दिया गया। इमरान ने दावा किया कि नवंबर की शुरुआत में जब वे बुशरा बीबी से मिले, तो वे न तो रोशनी बर्दाश्त कर पा रही थीं और न ही अपनी आंखें खोल पा रही थीं। अगर तुरंत दूसरा ऑपरेशन नहीं हुआ, तो उनकी आंखों की रोशनी स्थायी रूप से जा सकती है।

बेटों ने जताई पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता

इमरान खान के बेटों—कासिम और सुलेमान ने इस खुले पत्र पर गहरी चिंता जताई है। कासिम ने पत्र को बेहद झकझोर देने वाला बताया, जबकि सुलेमान ने इसे अत्यंत पीड़ादायक करार देते हुए कहा कि उनके पिता की इलाज की मांग को किसी विशेष सुविधा की मांग के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इमरान ने पत्र में यह भी आरोप लगाया कि एकांत कारावास के दौरान उन्हें अपने बेटों से फोन पर बात करने की अनुमति भी नहीं दी जा रही है और बाहरी दुनिया से पूरी तरह काट दिया गया है।

End of Article