जल्दबाजी में बार्ड (Bard) एआई लॉन्च के बाद हुई फजीहत के बाद गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई अब सहयोगियों के बीच भरोसा पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। पिचाई गूगल को प्रतिद्वंद्वी चैटजीपीटी (ChatGPT) से मिल रही चुनौती के बीच कर्मचारियों में विश्वास बहाल करने की कोशिश में लगे हैं। खबरों के मुताबिक, पिचाई ने इस संबंध में कर्मचारियों को ईमेल लिखा है। उनका कहना है कि कर्मचारियों को एआई-संचालित चैटबॉट आज़माना चाहिए क्योंकि चैटजीपीटी की लोकप्रियता और बिजनेस तेजी से बढ़ रहा है। गूगल द्वारा अपने AI चैटबॉट बार्ड लॉन्च करने के एक सप्ताह बाद एक प्रेजेंटेशन के दौरान इसने गलत जवाब दिया था। इस डेमो के बाद गूगल के शेयर काफी गिर गए थे।
पिचाई ने कर्मचारियों से चार घंटे देने को कहा
पिचाई ने बार्ड की तकनीक को बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों को दो से चार घंटे देने को भी कहा है। बताया जा रहा है कि कंपनी इस संबंध में अगले सप्ताह एक विस्तृत योजना भेजेगी। पिचाई ने कर्मचारियों को याद दिलाया कि गूगल उत्पाद जारी करने वाली कोई पहली कंपनी नहीं है, लेकिन इससे उसकी जीतने की क्षमता में बाधा नहीं आई है। कंपनी को भेजे ईमेल में पिचाई ने बार्ड के लॉन्च में हुई फजीहत का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक असहज रोमांचक क्षण है। ईमेल में उन्होंने कहा, मुझे पता है कि यह क्षण असुविधाजनक और रोमांचक है, और उम्मीद की जा सकती है कि तकनीक अधिक क्षमता के साथ तेजी से विकसित हो रही है। हमारे कुछ सबसे सफल उत्पाद सबसे पहले बाजार में नहीं आए थे। लेकिन उन्होंने कामयाबी हासिल की क्योंकि वे उपयोगकर्ता की जरूरतों को पूरा कर पाए।
बताया जा रहा है कि ईमेल में पिचाई ने कर्मचारियों से कहा है कि वे आशावादी बने रहें। उन्होंने कहा कि एआई कई मुश्किल चरणों से गुजरा है। सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि हमें एक महान उत्पाद के निर्माण और इसे जिम्मेदारी से विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करना है।
गूगल का सर्च मार्केट में दबदबा
गूगल का सर्च मार्केट में दबदबा है। 2000 के दशक की शुरुआत में कई सर्च इंजन बाजार में मौजूद थे, लेकिन गूगल के पास अब 90 प्रतिशत बाजार है। यह एंड्रॉयड में अगुवा नहीं है, हालांकि कंपनी ने इसे शुरुआती चरण में ही खरीदा था। उस समय बाजार में ब्लैकबेरी और नोकिया कस्टम ओएस (ऑपरेटिंग सिस्टम) का दबदबा था, लेकिन आज एंड्रॉयड के पास सबसे बड़ा मोबाइल ओएस बाजार शेयर है।
हड़बड़ी में Google Bard हुआ लॉन्च
पिछले सप्ताह गूगल बार्ड के लॉन्च के बाद कर्मचारियों ने इसे हड़बड़ी में उठाया कदम बताया। गूगल को माइक्रोसॉफ्ट से भारी दबाव महसूस कर रहा है, जो अपने बिंग सर्च इंजन और Edge ब्राउज़र में OpenAI की ChatGPT तकनीक का लाभ उठा रहा है। गूगल ने कहा है कि वह सर्च में बार्ड की अंतर्निहित तकनीक LaMDA को भी शामिल करेगा। यह उपयोगकर्ताओं को सवालों को सर्च करने और एसईओ ऑप्टिमाइजेशन के आधार पर नतीजे देगा। इसके अलावा इसमें वेब परिणामों के आधार पर आवाज वाले नतीजों को शामिल करने के लिए एक अलग चैटबॉक्स भी होगा। इसका मतलब है कि गूगल परिणाम दिखाने के मौजूदा तरीके की पेशकश करेगा। माइक्रोसॉफ्ट बिंग और एज के साथ भी इसी तरह की रणनीति लागू कर रहा है।
