व्हाइट बॉल क्रिकेट के सबसे बड़े एंटरटेनर के तौर पर अपनी पहचान बना चुके एबी डिविलियर्स ने आज से ठीक 8 साल पहले सिडनी के ग्राउंड पर अपने बल्ले से तूफान लाया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ इस वर्ल्ड कप मैच में एबी डिविलियर्स ने 66 गेंद पर 17 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 162 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इस मैच में उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी हासिल किया था। इससे पहले उन्होंने सबसे तेज 100 और 50 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया था।
सबसे तेज 150 रन बनाने वाले खिलाड़ी बने डिविलियर्स
वेस्टइंडीज के खिलाफ इस मैच में उन्होंने केवल 64 गेंद पर 17 चौके और 6 छक्कों की मदद से 150 रन पूरा किया और सबसे तेज 150 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले सबसे तेज 50 रन और शतक लगाने का रिकॉर्ड भी डिविलियर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए थे। उन्होंने 31 गेंद पर शतक और 16 गेंद पर अर्धशतक लगाया था।
257 रन से जीता साउथ अफ्रीका
एबी डिविलियर्स की इस विस्फोटक 162 रन की पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 408 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की पूरी टीम केवल 151 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और साउथ अफ्रीका ने यह मैच 257 रन के बड़े अंतर से जीत लिया। इस मैच में इमरान ताहिर ने सर्वाधिक 5 विकेट झटके, जबकि मॉर्ने मॉर्कल और काइल एबॉट ने 2-2 विकेट हासिल चटकाए।
आरसीबी ने किया खास दिन को याद
आईपीएल में आरसीबी की तरफ से खेलने वाले एबी डिविलियर्स की इस खास उपलब्धि को उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है और उन्हें शुभकामनाएं दी है। डिविलियर्स ने आईपीएल के 184 मैच में 5,162 रन बनाए हैं।
