क्रिकेट

AUS vs WI: केविन सिंक्लेयर ने पहले टेस्ट विकेट को ऐसे किया सेलिब्रेट, वीडियो हुआ वायरल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 27, 2024, 06:20 AM IST

वेस्टइंडीज के युवा स्पिनर केविन सिक्लेयर ने ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को डे-नाइट टेस्ट में आउट करके पहला टेस्ट शिकार करने में सफल रहे। लेकिन विकेट से ज्यादा उनके सेलिब्रेशन का वीडियो पूरी दुनिया में वायरल हो गया।

Image

पहलेे टेस्ट विकेट का जश्न मनाते केविन सिक्लेयर(साभार चैनल 7 स्क्रीन ग्रैब)

ब्रिसबेन: ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच ब्रिस्बेन में खेला जा रहा सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच दूसरे ही दिन बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। वेस्टइंडीज के 311 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 54 रन पर 5 विकेट पहली पारी में गंवा दिए थे। लेकिन सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा एक छोर संभाले रहे और टीम को 242 के स्कोर तक पहुंचाने के बाद पवेलियन वापस लौटे।

आसमान में गुलाटियां खाकर मनाया जश्न

ख्वाजा 131 गेंद में 75 रन बनाने के बाद अपना पहले टेस्ट खेलने उतरे कैरेबियाई स्पिनर केविन सिंक्लेयर की गेंद पर स्लिप में कैच दे बैठे। इसके बाद जो हुआ वो अद्भुत था। आमतौर पर ऐसा नजारा क्रिकेट के मैदान पर देखने को नहीं मिलता है। सिंक्लेयर ने अपने करियर के पहले टेस्ट विकेट का जश्न मनाने के लिए हवा में गुलाटी मारी। इस नजारे को देखकर हर कोई चकित रह गया। देखते ही देखते सिंक्लेयर के विकेट के जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिस किसी ने भी इस वीडियो को देखा उसके चेहरे पर खुशी और हैरानी के भाव एक साथ नजर आने लगे।

अहम साझेदारी तोड़कर झटका पहला विकेट

ऐसा जश्न मनाने की वजह भी दोहरी थीं। पहली वजह पहला टेस्ट विकेट और दूसरा एक अहम साझेदारी को तोड़ना। ख्वाजा और कमिंस के बीच आठवें विकेट के लिए 81 (107) रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी की बदौलत ही ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में पिछड़ने से बाल-बाल बचा। 161 रन पर 7 विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया इस साझेदारी के बल पर 242 के स्कोर तक पहुंच गया।

कौन हैं केविन सिंक्लेयर

केविन सिंक्लेयर 24 वर्षीय कैरेबियाई प्लेयर हैं। जिनका जन्म गयाना में 23 नवंबर 1999 को हुआ था। वो वेस्टइंडीज के लिए टेस्ट डेब्यू से पहले 7 वनडे और 6 टी20आई मैच खेल चुके हैं। जिसमें वो 11 और 4 विकेट अपनी झोली में डालने में सफल रहे। वहीं सीपीएल में केविन गयाना अमेजन वॉरियर्स और सेंट किट्स नेविस पैट्रियोट्स के लिए खेल चुके हैं। 15 टी20 मुकाबलों में उनके खाते में 12 विकेट दर्ज हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article