दुनिया

दुनिया में फिर शर्मसार हुआ पाकिस्तान, लाहौर में अजरबैजान की महिला से सामूहिक दुष्कर्म, तोड़ दिया भरोसा

पुलिस अधिकारी अंजुम बशीर के अनुसार, पीड़िता लगभग दो सप्ताह पहले अजरबैजान की राजधानी बाकू से व्यापारिक सिलसिले में पाकिस्तान आई थी और लाहौर के रायविंड इलाके में रह रही थी।

Image

पाकिस्तान में अजरबैजानी महिला से सामूहिक दुष्कर्म

Photo : AP

Azerbaijani woman in Lahore News: पाकिस्तान के लाहौर शहर में एक 20 वर्षीय अजरबैजानी महिला के साथ तीन पुरुषों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता को नशीला पदार्थ देकर 'डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी' इलाके के एक फ्लैट में ले जाया गया, जहाँ इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने तीनों संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

कारोबार के सिलसिले में आई थी महिला

पुलिस अधिकारी अंजुम बशीर के अनुसार, पीड़िता लगभग दो सप्ताह पहले अजरबैजान की राजधानी बाकू से व्यापारिक सिलसिले में पाकिस्तान आई थी और लाहौर के रायविंड इलाके में रह रही थी। 25 सितंबर की रात लगभग 11 बजे दो महिलाएं पीड़िता को डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (DHA) स्थित एक कैफे में ले गईं। वहां तीन पुरुष भी उनके साथ शामिल हो गए।

फ्लैट में ले जाकर दिया नशीला पदार्थ

कैफे के बाद तीनों पुरुषों ने महिलाओं को अपनी गाड़ी से छोड़ने की पेशकश की। आरोप है कि इसके बाद वे पीड़िता को एक फ्लैट में ले गए, जहां उसे कोई नशीला पदार्थ पिलाया गया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को लाहौर के 'गाजी इंटरचेंज' के पास छोड़ दिया और उसका आईफोन भी छीन कर फरार हो गए।

पुलिस कार्रवाई में वाहन बरामद

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई गाड़ी को मुख्य आरोपी के एक रिश्तेदार के घर से बरामद कर लिया गया है। कैफे ले जाने वाली दोनों महिलाओं की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि क्या वे इस साजिश में शामिल थीं। तीनों पुरुष संदिग्धों को 'स्टॉप लिस्ट' में डाल दिया गया है ताकि वे देश छोड़कर भाग न सकें। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और पाकिस्तान दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article