क्रिकेट

INDU19 vs AUSU19 Day 2 Stump: लक्ष्य रायचंदानी के दोहरे शतक के दम पर ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ भारत की बनाई मजबूक पकड़

ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ पहले अनऑफीशियल टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 213 रन की बढ़त हासिल कर ली है और अब भी उसके दो विकेट सुरक्षित हैं।

Image

लक्ष्य राजेश रायचंदानी (साभार-x)

ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ पहले अनऑफीशियल टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय अंडर-19 टीम ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। 217 रन के जवाब में भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 8 विकेट के नुकसान पर 408 रन बना लिए हैं। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी 210 रन बनाकर नाबाद हैं। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 213 रन की बढ़त हासिल कर ली है और अब भी उसके दो विकेट सुरक्षित हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी पहली पारी में 217 रन पर आउट हो गई थी।

रायचंदानी ने अपनी पारी में 20 चौके और चार छक्कों जड़े। रायचंदानी के अलावा मोहित उल्वा 58 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों खिलाड़ी 9वें विकेट के लिए 137(121) रन की साझेदारी कर चुके हैं। इस महीने की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे यूथ वनडे में रायचंदानी ने नाबाद 110 रन की पारी खेली थी और अब उन्होंने अपनी इस फॉर्म को रेड बॉल क्रिकेट में भी जारी रखा है।

सलामी बल्लेबाज सागर विर्क के 11 रन पर आउट होने के बाद रायचंदानी ने पूरे दिन भारतीय पारी को संभाला और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को खूब परेशान किया। दूसरे छोर से नियमित अंतराल में विकेट गिरने के बावजूद उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को हावी नहीं होने दिया। रायचंदानी को कप्तान यशबर्धन चौहान (54) और मोहित उल्वा (नाबाद 58) का अच्छा साथ मिला। रायचंदानी ने मोहित के साथ नौवें विकेट के लिए अब तक 137 रन जोड़े हैं। इससे पहले उन्होंने चौहान के साथ तीसरे विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी की थी।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम 217 रन पर आउट हो गई, जिसमें ब्लेक कैटल ने 102 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से बाएं हाथ के स्पिनर ईशान ओम ने 53 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि मोहित उल्वा ने 37 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article