क्रिकेट

दीपक चाहर के 1.5 लाख के बैट चोरी, बोले-क्या करूं मोदी जी के पास जाऊं या योगी जी के पास

भारतीय गेंदबाज दीपक चाहर के 3 बैट चोरी हो गए हैं। दीपक चाहर ने खुद इस घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने चोर से अपील करते हुए कहा कि भाई, बैट वापस कर दो

Image

दीपक चाहर (साभार-X)

आगरा के शास्त्रीपुरम ग्राउंड से भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन क्रिकेट बैट चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी हुए तीनों बैट प्लेयर एडिशन के बताए जा रहे हैं, जिनकी कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। दीपक चाहर ने खुद इस घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने बताया कि कल शाम ग्राउंड से उनके तीन बैट चोरी हो गए। दीपक ने कहा कि बैट चुराने वाले को शायद यह जानकारी नहीं होगी कि ये कितने महंगे हैं। उन्होंने चोर से अपील करते हुए कहा कि भाई, बैट वापस कर दो, मुझसे ही पैसे ले लेते।

इसके बाद दीपक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके पास कई विकल्प हैं—पुलिस में शिकायत करें, योगी जी के पास जाएं, मोदी जी के पास जाएं या सीधे भगवान से शिकायत करें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर बैट वापस मिल जाएं तो वह चोर को पैसे देने के लिए भी तैयार हैं। नहीं तो कंपनी SS से दो-तीन नए बैट मंगवाने का विकल्प भी उनके पास है।

रिपोर्ट के मुताबिक दीपक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसे लाखों बार देखा गया। घटना ने उनके क्रिकेट ट्रेनिंग ग्राउंड की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

दीपक चाहर भारत के लिए 13 वनडे में 16 विकेट और 25 टी-20 इंटरनेशनल में 31 विकेट ले चुके हैं। फिलहाल वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। आईपीएल में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। दीपक ने 103 आईपीएल मैच में 96 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो पार 4-4 विकेट चटकाए हैं। 2026 आईपीएल सीजन में दीपक ने 8 मैच में 8 विकेट चटकाए थे। फिलहाल चाहर आईपीएल की तैयारी कर रहे हैं। चाहर ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 3 साल पहले खेला था। दिसंबर 2023 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना आखिरी वनडे मैच खेला था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article