Asian Games 2026, Kurash: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कुराश (Kurash Game) में धमाल मचाया हुआ है। ये एक जैकेट रेस्लिंग खेल हैं जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने अब तीन मेडल पक्के करते हुए सबको चौंका दिया है। सबसे ताजा सफलता पिंकी बल्हारा को मिली है, जिन्होंने महिलाओं के 78 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाने के साथ ही कुराश में भारत का एक और मेडल पक्का कर दिया है।
ESPN के अनुसार, पिंकी ने महिलाओं के 78 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की लिम गारम को 3-0 से हराकर देश के लिए एक मेडल पक्का किया। बल्हारा, जिन्होंने 2018 एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल जीता था, हांग्जो में हुए 2022 संस्करण में क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गई थीं। उनकी इस जीत ने इस खेल में भारत के लिए एक और एशियाई खेल मेडल पक्का कर दिया है।
आर्चरी में गणेश क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
इससे पहले, सोमवार को एशियाई खेलों में पुरुषों के कंपाउंड आर्चरी (तीरंदाजी) के व्यक्तिगत राउंड ऑफ़ 16 में भारत के गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने अपने ही देश के साहिल जाधव को 149-148 के करीबी अंतर से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। भारतीयों के बीच हुआ यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा, जिसमें दोनों तीरंदाजों ने बेहतरीन सटीकता बनाए रखी, लेकिन आखिर में गणेश ने बढ़त बना ली। गणेश, जिन्होंने इससे पहले राउंड ऑफ़ 32 में इंडोनेशिया के सोस्टार अंडारू रिनाल्डी को 144-142 से हराया था, ने दबाव में भी संयम बनाए रखा और जाधव को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला 1 अक्टूबर को चीनी ताइपे के चेन चिएह-लुन से होगा। जाधव ने भी अपने व्यक्तिगत अभियान की शानदार शुरुआत की थी और राउंड ऑफ़ 32 में मंगोलिया के जामियांगोम्बो पुरेवदोर्ज को 149-137 से हराया था, लेकिन इसके बाद उनके भारतीय साथी ने उनका सफर खत्म कर दिया। इस नतीजे का मतलब है कि पुरुषों के व्यक्तिगत कंपाउंड ड्रॉ में अब केवल गणेश ही भारतीय खिलाड़ी बचे हैं।
इन खेलों में टीम इवेंट्स में भारत की आर्चरी टीम का प्रदर्शन पहले से ही शानदार रहा है, और रविवार को मैदान में उतरीं सभी पांच भारतीय टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई थीं। पुरुष और महिला रिकर्व टीमें, साथ ही रिकर्व मिक्स्ड टीम, अंतिम चार में पहुँच गईं, जबकि पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों ने भी सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। कंपाउंड व्यक्तिगत प्रतियोगिता के क्वार्टरफाइनल 1 अक्टूबर को होंगे।
आज भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का क्वार्टर फाइनल मैच
भारत की पुरुष क्रिकेट टीम भी आज (सोमवार) एक्शन में है और एशियाई खेलों के क्वार्टरफाइनल में अफगानिस्तान का सामना कर रही है। मौजूदा चैंपियन सीधे नॉकआउट चरण में पहुंचे थे और 2023 हांग्जो खेलों में जीते गए स्वर्ण पदक को बरकरार रखने की कोशिश कर रहे हैं।
9वें दिन एथलीटों पर भी सबकी नजरें
एशियन गेम्स के 9वें दिन कई भारतीय एथलीट पदक स्पर्धाओं में भी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में अविनाश साबले, पुरुषों की लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर, पुरुषों की भाला फेंक में यश वीर सिंह और रोहित यादव, और पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह शामिल हैं।
बॉक्सिंग और शूटिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों से उम्मीदें
बॉक्सिंग में, टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन महिलाओं के 75 किग्रा क्वार्टरफाइनल में कोरिया गणराज्य की सियोंग सुयोन का सामना करेंगी, जबकि शूटिंग में मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल क्वालिफिकेशन में हिस्सा लेंगी।
