यूटिलिटी

दिवाली-छठ में कंफर्म टिकट की टेंशन होगी खत्म, 61 दिनों के लिए रेलवे चलाएगा 1,000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेन

भारतीय रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लेकर करोड़ों यात्रियों को बड़ी राहत दी है। इन स्पेशल ट्रेनों से उन यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता है।

Image

रेवले अक्टूबर से लेकर नंबर तक चलाएगा कई सारी स्पेशल ट्रेन।

त्यौहारों के सीजन में एक सबसे बड़ी समस्या ट्रेन में कंफर्म टिकट मिलना है। देशभर से लाखों लोग इस सीजन में यात्रा करते हैं और इसकी वजह से कंफर्म टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो जाता है। हालांकि अब यह टेंशन खत्म होने वाली है। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी तैयारी की है। त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए North Central Railway (NCR) ने 1,000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाने का फैसला किया है।

इन स्पेशल ट्रेनों से उन यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता है। इन ट्रेनों की मदद से लोग त्योहारों पर अपने घर और परिवार के पास आसानी से पहुंच सकेंगे।

1,053 स्पेशल ट्रेन ट्रिप का ऐलान

North Central Railway के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. शिवम शर्मा के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 तक कुल 1,053 Trains on Demand (TOD) ट्रिप की घोषणा की जा चुकी है। ये स्पेशल ट्रेनें 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेंगी। यानी त्योहारों के पूरे 61 दिनों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों की सुविधा मिलेगी। रेलवे के मुताबिक, इन ट्रेनों की संख्या आगे यात्रियों की मांग के हिसाब से बढ़ाई भी जा सकती है।

किन रूट्स पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें?

North Central Railway की ये स्पेशल ट्रेनें कई प्रमुख शहरों और स्टेशनों को जोड़ेंगी। इनमें शामिल हैं: कोलकाता, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, नई दिल्ली, पलवल, आनंद विहार टर्मिनल, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, ग्वालियर, दादरी, पुणे, हडपसर, खजुराहो, तिरुचनूर, आगरा कैंट

इन रूट्स पर यात्रियों की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग समय और फ्रीक्वेंसी पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन स्पेशल ट्रेनों से देशभर के करोड़ यात्रियों को सहूलियत मिलने वाली है।

मांग के हिसाब से चलेगी ट्रेन

रेलवे इन ट्रेनों को Trains on Demand (TOD) के तौर पर चला रहा है। इसका मतलब है कि यात्रियों की जरूरत और टिकट की मांग को देखकर ट्रेनों की संख्या और फ्रीक्वेंसी तय की जाएगी। कुछ स्पेशल ट्रेनें इस अवधि में सिर्फ एक बार चलेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को हफ्ते में एक या दो बार चलाया जाएगा। रेलवे लगातार अलग-अलग ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट और टिकट बुकिंग पर नजर रख रहा है। यात्रियों की मांग बढ़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं।

स्टेशनों पर भीड़ संभालने की तैयारी

त्योहारों के दौरान सिर्फ ट्रेनों में ही नहीं, बल्कि रेलवे स्टेशनों पर भी काफी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए NCR ने स्टेशनों पर अतिरिक्त कमर्शियल और RPF कर्मचारियों की तैनाती की तैयारी की है। इन कर्मचारियों की मदद से यात्रियों की भीड़ को संभालने, उन्हें सही जानकारी देने और स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखने पर ध्यान दिया जाएगा।

साफ-सफाई पर भी रहेगा फोकस

रेलवे ने त्योहारों के दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में साफ-सफाई पर भी खास ध्यान देने की बात कही है। NCR के CPRO ने बताया कि चल रहे Swachhata Abhiyan को देखते हुए साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर देने के लिए लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।

यात्रियों को मिलेगी राहत

दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, मुंबई, पुणे और दूसरे बड़े शहरों से अपने घरों की ओर जाते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में टिकटों की मांग काफी बढ़ जाती है।

1,053 स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाए जाने से अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी और कन्फर्म टिकट नहीं मिलने वाले यात्रियों को भी सफर का विकल्प मिल सकेगा। हालांकि, कौन-सी ट्रेन किस तारीख को चलेगी और उसमें कितनी सीटें उपलब्ध होंगी, इसकी जानकारी टिकट बुकिंग के समय रेलवे के आधिकारिक शेड्यूल से चेक करनी होगी।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article