क्रिकेट

वो कायर हैंः पूर्व कोच जस्टिन लैंगर का ऑस्ट्रेलियाई टीम के कुछ खिलाड़ियों पर सनसनीखेज आरोप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 23, 2022, 01:52 PM IST

Justin Langer says few Aussies are coward, Australian Cricket Team: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में भी हमेशा कुछ ना कुछ चलता ही रहता है। ये सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहता। बल्कि मैदान के बाहर भी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट लगातार सुर्खियों में बना रहता है। ताजा वजह है पूर्व कोच जस्टिन लैंगर का सनसनीखेज बयान।

Image

जस्टिन लैंगर

Photo : Twitter

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बेशक एक समय पर क्रिकेट की सर्वश्रेष्ठ टीम थी और आज भी वो कोशिश जारी है, लेकिन विवादों से उनका पुराना नाता रहा। मैदान के अंदर उसके खिलाड़ियों की हरकतों की वजह से विवाद हो या मैदान के बाहर क्रिकेट बोर्ड व खिलाड़ियों के बीच की राजनीति। जहां तक उनके कोच की बात है तो वो भी इन विवादों से दूर नहीं रहे हैं। पूर्व कोच जस्टिन लैंगर भी विवाद परिस्थितियों में कोच पद से हटे थे और अब उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को लेकर एक सनसनीखेज बयान दिया है।

टीम के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के कुछ खिलाड़ियों को ‘कायर’ करार देते हुए कहा कि ये खिलाड़ी उनके सामने अच्छा व्यवहार करते थे लेकिन पीठ पीछे ड्रेसिंग रूम की बातों को बाहर लीक करते थे। ऑस्ट्रेलिया को घरेलू धरती पर एशेज में 4-0 से जीत और पिछले साल टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले को 52 वर्षीय लैंगर ने इस साल फरवरी में मुख्य कोच पद छोड़ दिया था क्योंकि क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने उनके अनुबंध को लंबे समय तक बढ़ाने से इंकार कर दिया था।

ऑस्ट्रेलिया के सीनियर खिलाड़ियों जैसे आरोन फिंच, पैट कमिंस और पूर्व टेस्ट कप्तान टिम पेन ने लैंगर की कोचिंग शैली की आलोचना की थी। न्यूज़ कॉर्प मीडिया के अनुसार लैंगर ने कहा,‘‘ मेरे सामने सभी अच्छा व्यवहार करते थे, लेकिन मैं अखबारों में और ही कुछ पढ़ रहा था। मैं ईश्वर और अपने बच्चों की सौगंध खाता हूं कि समाचार पत्र जो कुछ लिख रहे थे उस पर मुझे विश्वास नहीं हो पा रहा था। कई पत्रकार सूत्रों का हवाला दे रहे थे। मैं कहूंगा कि इस शब्द को बदल कर कायर कर दें।’’

उन्होंने कहा,‘‘क्योंकि ‘सूत्रों ने कहा’ का क्या मतलब है। या तो वे किसी से बदला चुकता करने के लिए ऐसा कर रहे हैं और आपके सामने कहने से डर रहे हैं या फिर वह अपना एजेंडा आगे ले जाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। मुझे इन सब चीजों से नफरत है।’’ टी20 विश्वकप से पहले लैंगर की कोचिंग शैली के कारण ड्रेसिंग रूम में असंतोष की कई रिपोर्ट सामने आई थी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article