क्रिकेट

Syed Mushtaq Ali Trophy: अजिंक्य रहाणे ने जड़ा तूफानी अर्धशतक, सेमीफाइनल में पहुंचा मुंबई, अंतिम चार में पहुंचा दिल्ली

मुंबई की टीम अजिंक्य रहाणे के कप्तानी अर्धशतक की मदद से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। वहीं दिल्ली ने भी उत्तर प्रदेश को पटखनी देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है।

Image

अजिंक्य रहाणे (साभार Jio Cinema)

अलूर: भारतीय टीम से बाहर चल रहे अजिंक्य रहाणे के तूफानी अर्धशतक से मुंबई ने बुधवार को यहां विदर्भ को छह विकेट से हराकर सैयद मुश्ताक अली टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में मुंबई ने रहाणे की 45 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 84 रन की पारी की बदौलत 19.2 ओवर में चार विकेट पर 224 रन बनाकर जीत दर्ज की।

रहाणे और शॉ ने दिलाई मुंबई को शानदार शुरुआत

रहाणे और पृथ्वी शॉ (26 गेंद में 49 रन, पांच चौके, चार छक्के) ने पहले विकेट के लिए सात ओवर में 83 रन जोड़कर मुंबई को शानदार शुरुआत दिलाई। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दीपेश परवानी ने पृथ्वी को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। कप्तान श्रेयस अय्यर (05) और भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (09) ने जल्दी पवेलियन लौटे जिससे मुंबई का स्कोर 11.1 ओवर में तीन विकेट पर 118 रन हो गया।

जीत के लिए मुंबई को बनाने थे 8 ओवर में 104 रन

टीम को अंतिम आठ ओवर में जीत के लिए 104 रन की दरकार थी। रहाणे पारी के 16वें ओवर में 157 रन के स्कोर पर पवेलियन लौटे। भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज शिवम दुबे (22 गेंद में नाबाद 37, एक चौका, दो छक्के) और सुयांश शेडगे (12 गेंद में नाबाद 36 रन, एक चौका, चार छक्के) ने इसके बाद चार से कुछ अधिक ओवर में 67 रन की साझेदारी करके टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

इससे पहले विदर्भ के लिए अथर्व ताइडे (41 गेंद में 66 रन, 10 चौके, एक छक्का) और अपूर्व वानखेड़े (33 गेंद में 51 रन, दो चौके, तीन छक्के) ने अर्धशतक जड़े जबकि शुभम दुबे ने 19 गेंद में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 43 रन की उपयोगी पारी खेली।

दिल्ली ने दी उत्तर प्रदेश को पटखनी

दूसरी तरफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली ने उत्तर प्रदेश को 19 रन से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। दिल्ली ने अनुज रावत (33 गेंद में 73 रन, सात चौके, पांच छक्के) के अर्धशतक के अलावा प्रियांश रोड़ा (44) और यश धुल (42) की उपयोगी पारियों से तीन विकेट पर 193 रन बनाए। इसके जवाब में उत्तर प्रदेश की टीम 174 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से प्रियम गर्ग ने सर्वाधिक 54 रन बनाए लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त साथ नहीं मिला।

बडोनी और नीतीश राणा के बीच हुई नोकझोंक

दिल्ली के कप्तान आयुष बडोनी और उत्तर प्रदेश के ऑलराउंडर नीतीश राणा के बीच मामूली कहासुनी भी हुई जब बडोर दो बार स्ट्राइक लेने के बाद पीछे हट गए। खिलाड़ियों को अलग करने के लिए मैदानी अंपायरों को हस्तक्षेप करना पड़ा। मुंबई की टीम शुक्रवार को होने वाले सेमीफाइनल में बड़ौदा से भिड़ेगी जबकि इसी दिन दिल्ली को मध्य प्रदेश का सामना करना है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article