क्रिकेट

IPL 2024: कप्तान बदलने के बाद भी नहीं थमा मुंबई इंडियन्स का पहले मैच में हार का सिलसिला

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 25, 2024, 11:00 AM IST

आईपीएल में मुंबई इंडियन्स का पहले मैच में हार का सिलसिला बदस्तूर लगातार 12वें साल याद रहा। कप्तान बदलने के बाद भी मुंबई की तकदीर नहीं बदली।

Image

गुजरात टाइटन्स बनाम मुंबई इंडियन्स (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • गुजरात टाइटन्स ने मुंबई इंडियन्स को हराया
  • जीत के लिए 169 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई मुंबई
  • लगातार 12वीं बार मुंबई ने गंवाया सीजन में अपना पहला मुकाबला

अहमदाबाद: कप्तान बदलने के बावजूद मुंबई इंडियन्स की तकदीर आईपीएल में नहीं बदली। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में पहली बार खेलने उतरी मुंबई इंडियन्स को रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 6 रन के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियन्स गुजरात द्वारा दिए 169 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी। आखिरी ओवर में जीत के लिए मुंबई को 19 रन बनाने थे लेकिन पहली दो गेंदों में 10 रन बनाने के बाद भी मुंबई इंडियन्स की टीम मैच हार गई।

साल 2013 में शुरू हुआ था हार का सिलसिला

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स को आईपीएल सीजन में स्लो स्टार्टर के रूप में जाना जाता है। मुंबई इंडियन्स लगातार 12 साल से सीजन का पहला मैच हारती आ रही है। मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल में अपनी शुरुआत साल 2008 में हार के साथ की थी। इसके बाद वो जीत की पटरी पर लौट आई और 2009 से 2012 तक सीजन का आगाज जीत के साथ करने में सफल रही लेकिन साल 2013 में तस्वीर पूरी तरह बदल गई। उस साल मिली हार का सिलसिला 12 तक अनवरत जारी है। हार्दिक पांड्या भी मुंबई इंडियन्स के लिए पहले मैच का किस्मत कनेक्शन खत्म नहीं कर पाए।

चैंपियन बनाता है हार का टोटका

मुंबई इंडियन्स की टीम भले ही शुरुआत हार के साथ करती आ रही है लेकिन इन्हीं 12 सालों में उसने पांच बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया है। साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में ऐसी शुरुआत के बावजूद मुंबई खिताब जीतने में सफल रही है। इस लिहाज से देखें तो पहले मैच में हार मुंबई के लिए लकी साबित हुई है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article