स्पोर्ट्स

Asian Games: दूसरे दिन भी गोल्ड मेडल नहीं जीत पाया भारत, चीन के नाम 23 स्वर्ण पदक

Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारत अब तक एक भी गोल्ड नहीं जीत पाया है। 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज समेत कुल 6 मेडल के साथ टीम इंडिया 12वें पायदान पर पहुंच गई है, जबकि चीन 23 गोल्ड समेत 38 मेडल के साथ मेडल टैली में सबसे आगे है।

Image

एशियन गेम्स में भारत (फोटो साभार- @Media_SAI)

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत का गोल्ड मेडल का इंतजार दूसरे दिन सोमवार को भी खत्म नहीं हो पाया। भारत ने दिन में निशानेबाजी में 3 मेडल और MMA में ऐतिहासिक पहला मेडल तो जीता, लेकिन मेडल टैली की फोटो जो हकीकत दिखा रही है वो थोड़ी सोचने वाली है। ताजा मेडल टैली के अनुसार, एशियन गेम्स में भारत 0 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज यानी कुल 6 मेडल के साथ 12वें स्थान पर खिसक गया है। वहीं चीन ने 23 गोल्ड, 10 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज के साथ कुल 38 मेडल जीतकर टॉप पर बहुत बड़ी लीड बना ली है।

मेडल टैली में भारत से आगे 11 देश

मेडल टैली में दूसरे नंबर पर मेजबान जापान है। जिसके खाते में 8 गोल्ड, 12 सिल्वर, 12 ब्रॉन्ज सहित कुल 32 मेडल हैं। जबकि, तीसरे स्थान पर दक्षिण कोरिया है। जिसने 5 गोल्ड, 3 सिल्वर, 15 ब्रॉन्ज के साथ 23 मेडल जीते हैं। चौथे पर कजाकिस्तान (4 गोल्ड), 5वें पर थाईलैंड (3 गोल्ड) है। थाईलैंड ने भारत से कम मेडल जीते हैं लेकिन 3 गोल्ड होने की वजह से वह टॉप-5 में शामिल है। यहां तक कि हांगकांग, चीनी ताइपे, मकाऊ, म्यांमार, उज्बेकिस्तान और कुवैत भी मेडल टैली में भारत से ऊपर हैं।

700 ग्राम ने तोड़ा सुचिका का फाइनल का सपना

आज के दिन की सबसे दर्द भरी कहानी MMA से आई। जब हरियाणा के रोहतक की 36 साल की सुचिका तारियाल ने महिला 60 किग्रा में भारत को MMA का पहला मेडल दिलाकर इतिहास रचा। हालांकि, सेमीफाइनल ड्रॉ रहने के बाद तकनीकी नियम ने उनका फाइनल छीन लिया। एशियन गेम्स के नियमों के मुताबिक ड्रॉ होने पर कम वजन वाली खिलाड़ी आगे जाती है और सुचिका सिंगापुर की हुई हून तेओ से सिर्फ 700 ग्राम ज्यादा थीं। इस वजह से उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।

शूटिंग में चीन ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

शूटिंग में भारत की तरफ से हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्रांक्ष पाटिल ने दूसरे दिन ब्रॉन्ज मेडल जीता। इससे पहले दोनों ने पार्थ माने के साथ टीम इवेंट का सिल्वर जीता था। इस तरह शूटिंग में भारत के 5 मेडल (4 सिल्वर, 1 ब्रॉन्ज) जरूर हो गए हैं। लेकिन यहां भी गोल्ड चीन ही ले गया। टीम इवेंट में शेंग लिहाओ, चांगहोंग झांग और सिहान मा ने 1899 अंक बनाकर अपना ही 1898.4 का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।

टीम इवेंट में भारत का दमदार आगाज

दूसरे दिन टीम स्पोर्ट्स में भारत ने जोरदार वापसी के संकेत दिए। महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से रौंदा। अगर हॉकी में गोल्ड आया तो भारत को सीधे 2028 ओलंपिक का टिकट मिलेगा। वहीं बैडमिंटन पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टेबल टेनिस में महिला और पुरुष दोनों टीमों ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया। कबड्डी में पुरुष टीम ने जापान को 49-24 और महिला टीम ने बांग्लादेश को 42-21 से हराया। बॉक्सिंग में सुमित कुंदू (70 किग्रा) जीते।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article