क्रिकेट

IND vs IRE 3rd T20 Pitch Report, Weather: भारत-आयरलैंड तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का ताजा हाल, यहां पर जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Aug 23, 2023, 07:43 PM IST

IND vs IRE 3rd T20 Pitch Report and Dublin Weather Forecast Today Match: आज (23 August 2023) भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज के तीसरे व अंतिम मुकाबले की बारी है। भारत सीरीज में खेले गए अब तक दोनों टी20 मैच जीतकर 2-0 से आगे है और आज टीम इंडिया क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी। आइए यहां जानते हैं कि कैसी होगी इस मैच की पिच रिपोर्ट और आज डबलिन की ताजा मौसम रिपोर्ट।

Image

भारत बनाम आयरलैंड तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम आयरलैंड तीसरा टी20 मैच आज
  • टीम इंडिया सीरीज में 2-0 से आगे
  • डबलिन में क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगा भारत

IND vs IRE (India vs Ireland) 3rd T20 Match Pitch Report, Malahide Dublin Weather Forecast Today: टीम इंडिया और मेजबान आयरलैंड क्रिकेट टीम के बीच आज तीन टी20 मैचों की सीरीज का तीसरा व आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट टीम ने अब तक इस सीरीज के पहले और दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जीत दर्ज करके सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई हुई है और अब आज भारत की टीम सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी। ये मुकाबला डबलिन के मालाहाइड में खेला जाएगा। मैच भारतीय समय के मुताबिक शाम 7.30 बजे शुरू होना है लेकिन मैच में बारिश के बाधा बनने के आसार हैं, यहां जानिए पूरी रिपोर्ट।

तीन टी20 मैचों की इस अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले टी20 में बारिश के प्रभाव के बाद भारत 2 रन से जीता था (डकवर्थ-लिविस नियम)। इसके बाद दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में टीम इंडिया ने रिंकू सिंह (Rinku Singh) के धमाल की बदौलत 33 रन से जीत दर्ज की थी। भारत की तरफ से दोनों मैचों में कई सकारात्मक चीजें निकलकर आईं जिसमें जसप्रीत बुमराह का फिट होकर दोबारा लय में लौटना सबसे खास बात रही। वो टीम के कप्तान भी हैं और उनके पास आज मौका होगा पहला ऐसा गेंदबाज बनने का जिसने टी20 में कप्तानी करते हुए सीरीज में क्लीन स्वीप किया। अब जानते हैं कि आज की पिच रिपोर्ट कैसी रहेगी और कैसी हो सकती है डबलिन के मौसम की स्थिति।

भारत-आयरलैंड तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (IND vs IRE 3rd T20 Pitch Report)

दोनों टीमों के बीच इस सीरीज के सभी मुकाबले डबलिन के मालाहाइड में खेले गए हैं। अब तीसरा मुकाबला भी वहीं पर खेला जाना है। पहले दो मैचों के बाद नजर आया कि पिच व ग्राउंड पर बारिश के बावजूद ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा है। ऐसे में एक बार फिर इस पिच पर बल्लेबाजों का बोलबाला देखने को मिल सकता है। पिछले दोनों टी20 मुकाबलों में किसी भी पारी में गेंदबाज विरोधी टीम को ऑलआउट नहीं कर पाए। वहीं दूसरे टी20 में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 185 रनों का विशाल स्कोर भी खड़ा किया जिसके जवाब में आयरलैंड ने भी 8 विकेट पर 152 रन बना लिए थे। ये साबित करता है कि एक बार बल्लेबाज यहां हावी होने का प्रयास करेंगे और दर्शकों का चौके-छक्कों से मनोरंजन हो सकता है।

आज कैसा होगा डबलिन का मौसम? (Dublin Weather Forecast Today)

तीसरा टी20 मैच भी डबलिन में आयोजित होने जा रहा है और पहले टी20 में यहां बारिश ने जैसे खेल में बाधा पैदा की, फैंस यही उम्मीद करेंगे कि तीसरे टी20 में वैसा ना हो। मंगलवार को डबलिन में धूप खिली रही है लेकिन आज यहां बारिश की उम्मीद जताई गई है। ताजा अनुमान 50 प्रतिशत तक बारिश होने का है, हालांकि यहां मौसम पलटते देर नहीं लगती। इसके अलावा उमस एक बार फिर काफी रहने वाली है जो खिलाड़ियों को थोड़ा परेशान करने का काम करेगी। तापमान ठंडा रहेगा। आज का अधिकतम तापमान डबलिन में 19 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है।

भारत और आयरलैंड की टी20 टीमें

टीम इंडिया: जसप्रीत बुमराह (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, आवेश खान, शाहबाज़ अहमद, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह।

आयरलैंड क्रिकेट टीम: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), एंड्रयू बालबर्नी, मार्क अडायर, रॉस अडायर, कर्टिस कैंपर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, फिओन हैंड, जोश लिटिल, बैरी मैक्कार्थी, थियो वैन वोर्कोम, बेन व्हाइट, क्रेग यंग, हैरी टेक्टर और लोर्कन टकर।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article