क्रिकेट

'केकेआर को पता है,' कैमरन ग्रीन को लेकर मचे बवाल पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया जवाब

केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे का ग्रीन को लेकर दिए गए बयान पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जवाब दिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने कहा कि कैमरन की कमर में चोट है। इसके चलते वह गेंदबाजी नहीं कर सकते। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली करारी हार के बाद कोलकाता के कप्तान रहाणे ने ग्रीन के गेंदबाजी ने करने पर सवाल उठाए थे।

Image

कैमरन ग्रीन को लेकर छिड़ी जंग। फोटो- KKR

सिडनी (भाषा)। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स प्रबंधन को कैमरन ग्रीन की चोट की स्थिति के बारे में पूरी तरह से पता है, जबकि केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के पहले मैच में मिली हार के बाद कहा था कि सिर्फ मेजबान बोर्ड को ही पता है कि ग्रीन गेंदबाजी क्यो नहीं कर सके।

ग्रीन से गेंदबाजी नहीं कराने के बारे में पूछे गए सवालों पर रहाणे ने कहा, क्रिकेट आस्ट्रेलिया से पूछो। इस पर अब ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड ने जवाब दिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने कहा कि कैमरन की कमर में चोट है। इसके चलते वह गेंदबाजी नहीं कर सकते।

कमर में लगी है चोट

क्रिकेट आस्ट्रेलिया के एक प्रवक्ता ने बताया, 'कैमरन को कमर में चोट लगी थी जिससे वह कुछ समय तक गेंदबाजी नहीं कर सकेगा। वह 10 से 12 दिन के बाद गेंदबाजी कर पायेगा और केकेआर को इसकी पूरी जानकारी है।'

टी20 विश्व कप में फेंकी केवल 19 गेंद

ग्रीन ने सितंबर 2024 से अक्टूबर 2025 तक गेंदबाजी नहीं की। उन्होंने 20 फरवरी को ओमान के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच में गेंदबाजी की थी। पूरे विश्व कप में वह 19 गेंद ही डाल सके। केकेआर ने 25.20 करोड़ रुपये में ग्रीन को खरीदा था जो सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने।

मुंबई ने दर्ज की जीत

आईपीएल के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने पिछले 13 सीजन से अपना पहला मैच न जीत पाने का शर्मनाक सिलसिला तोड़ दिया। रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) के अर्धशतकों की मदद से KKR ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 220 रन का स्कोर बनाया। शार्दुल ठाकुर ने 39 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके जवाब में रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि रयान रिकल्टन ने 43 गेंदों में 81 रन ठोककर मुंबई को 19.1 ओवर में जीत दिला दी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article