Donald Trump on Khamenei: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक साक्षात्कार में दावा किया है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोज्तबा खामेनेई जीवित हैं, लेकिन जारी सैन्य अभियानों के दौरान वे बेहद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अमेरिकी कमेंटेटर ग्लेन बैक के साथ बातचीत के दौरान ट्रंप ने मोज्तबा खामेनेई की सार्वजनिक अनुपस्थिति से जुड़ी अटकलों पर विराम लगाते हुए यह बात कही।
'शरीर का बायां हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त'
ट्रंप ने कहा, मुझे नहीं लगता कि वह मर चुके हैं। वह बहुत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके शरीर का बायां हिस्सा, हाथ, पैर—सब कुछ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। वह बहुत गंभीर रूप से घायल हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उनकी मौत हुई है। ट्रंप ने आगे कहा कि अगर ईरानी नेता असमर्थ या मृत भी हैं, तो तेहरान एक बड़ा नाटक रच रहा है। उन्होंने कहा, अगर ऐसा है, तो वे बहुत अच्छा नाटक कर रहे हैं क्योंकि वे हर समय उनसे अंतिम मंजूरी लेने की बात करते रहते हैं। लेकिन आप जानते हैं, उनके साथ कोई समझौता करना एक अलग बात है, वह सबसे सम्मानित समूह नहीं है।
अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और नौसेना की तारीफ
सैन्य और रणनीतिक अभियानों पर बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिकी सशस्त्र बलों की जमकर सराहना की। उन्होंने हालिया समुद्री अभियानों का जिक्र करते हुए कहा, हमने कल रात 22 नौकाओं/बोटों को नष्ट कर दिया। हमारी नौसेना और हमारी सेना का प्रदर्शन अविश्वसनीय रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी आर्थिक स्थिति पिछले डेढ़ साल में काफी मजबूत हुई है और देश एक बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है।
ईरानी मीडिया ने जारी किया था आर्काइव वीडियो
गौरतलब है कि मंगलवार को ईरान की 'फार्स न्यूज' ने मुज्तबा खमेनेई का एक पुराना (आर्काइव) वीडियो जारी किया था। रिपोर्टों के मुताबिक, यह वीडियो खमेनेई के सुप्रीम लीडर बनने से पहले का है। इससे पहले, इजरायली मीडिया की उन रिपोर्टों के खारिज करने के लिए 'मेहर न्यूज' ने भी खमेनेई का एक वीडियो शेयर किया था, जिनमें दावा किया गया था कि खमेनेई की हालत नाजुक है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने भी इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि सुप्रीम लीडर पूरी तरह से स्वस्थ हैं। फरवरी में पिता की मौत के बाद मोज्तबा ने कमान संभाली थी। 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के संयुक्त सैन्य हमलों में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद मुज्तबा खामेनेई ने सर्वोच्च नेता का पद संभाला था। कमान संभालने के बाद से उन्होंने कोई सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है और वे केवल लिखित बयानों के जरिए ही संवाद कर रहे हैं।
