क्रिकेट

MI vs KKR: 'लोगों को बात करने दें', भविष्य को लेकर उठा सवाल तो केकेआर के स्टार ने दिया दो टूक जवाब

आईपीएल 2026 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हुआ। केकेआर को इस मुकाबले में बड़ा स्कोर बनाने के बाद भी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे के भविष्य को लेकर अटकलें लगने लगीं। हालांकि, रहाणे ने दो टूक जवाब देते हुए अटकलों को खारिज कर दिया।

Image

अजिंक्य रहाणे ने अलोचकों को दिया जवाब। फोटो- IPL

अपने भविष्य को लेकर कभी खत्म नहीं होने वाली अटकलों को खारिज करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान और भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने कहा कि वह अपने विकास के लिये क्रिकेट खेल रहे हैं, किसी को कुछ साबित करने के लिये नहीं।

37 वर्ष के रहाणे ने पिछले सत्र में मुंबई रणजी टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। उन्होंने सफेद गेंद के टूर्नामेंट में भी कप्तानी नहीं की, जिससे उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। वह भारत के लिए आखिरी बार 2023 में खेले थे।

मुंबई के खिलाफ खेली कप्तानी पारी

मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के पहले मैच में 40 गेंद में 67 रन बनाने वाले रहाणे ने कहा, 'लोगों को मेरे बारे में बोलने दीजिये। वे 20 साल से बोलते आ रहे हैं। मैं अपनी बल्लेबाजी से खुश हूं। मैं किसी को यह साबित करने के लिये नहीं खेल रहा हूं कि मैं कितना हुनरमंद हूं। लोग देख रहे हैं। उन्हें देखने दीजिये और बोलने दीजिये।'

'लोग बोलते रहेंगे'

रहाणे ने आगे कहा, मैं बहुत खुश हूं कि पिछले दो तीन साल में सफेद गेंद के प्रारूप में मेरा खेल बेहतर हुआ है। एक क्रिकेटर के तौर पर विकास जरूरी है और मैं वही करने की कोशिश कर रहा हूं। लोग बोलते रहेंगे, उन्हें बोलने दीजिये।

बुमराह की तारीफ की

मैच के बारे में रहाणे ने कहा कि जसप्रीत बुमराह ने आखिर में किफायती स्पैल डाला जिसकी वजह से उनकी टीम अपेक्षित स्कोर नहीं बना सकी। उन्होंने कहा, 'हम 235-240 बनाने की राह पर थे लेकिन बुमराह के दो ओवरों से काफी फर्क पैदा हुआ। इसलिये वह इतना महान गेंदबाज है।'

मुंबई ने छह विकेट से जीता मुकाबला

मैच में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए। हालांकि, लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में छह विकेट से जीत दर्ज की। मुंबई की जीत में रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रख दी थी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article