भाई-बहन का रिश्ता खट्टी-मीठी नोकझोंक तो ढेर सारे प्यार से भरा हुआ होता है। सुबह किसी रिमोट, कपड़े या खाने की आखिरी चीज को लेकर बहस हो सकती है और शाम तक दोनों ऐसे बात करने लगते हैं जैसे कुछ हुआ ही नहीं। बचपन में यही रिश्ता शिकायतों, नोकझोंक और एक-दूसरे की चुगली से भरा रहता है। लेकिन इसके पीछे एक ऐसा अपनापन छिपा होता है जिसे अक्सर शब्दों में बताना मुश्किल होता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - कंगना-कृति की लड़ाई में छिड़ी फेस्टिवल फैशन पर बहस, जानें कपड़ों से त्योहारों का क्या कनेक्शन है
बहन भाई से नाराज हो सकती है, उसकी टांग खींच सकती है और कई बार उसकी खूब शिकायत भी कर सकती है, लेकिन दिल के किसी कोने में उसके लिए एक खास जगह हमेशा रहती है। कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें बहन शायद कभी सीधे भाई के सामने न कहे, क्योंकि रिश्ते में प्यार जताने का तरीका हमेशा मीठे शब्द बोलना नहीं होता। नोट करें ऐसी कौनसी 7 बातें होती हैं, जो बहनें कभी अपने भाइयों से नहीं कहती हैं।
1. मुझे तुम्हारी चिंता होती है
बहन शायद रोज भाई को यह बात न बताए, लेकिन उसके देर से घर आने पर फोन जरूर देखेगी। वह पूछ सकती है, कहां हो? या कब आ रहे हो? भले ही आवाज में चिंता से ज्यादा गुस्सा सुनाई दे। असल में उस छोटे से सवाल के पीछे फिक्र छिपी होती है।
2. भाई तुम स्पेशल हो
भाई को यह सुनना शायद थोड़ा अजीब लगे, इसलिए बहन सीधे कहने के बजाय अलग तरीके से प्यार जताती है। उसकी पसंद की चीज बचाकर रखना, जरूरत पड़ने पर साथ देना या उसकी किसी परेशानी को चुपचाप समझ लेना इसी भावना का हिस्सा हो सकता है।
3. तुम्हारे बिना घर खाली लगता है
जब भाई पढ़ाई, नौकरी या शादी के कारण दूसरे शहर चला जाता है, तब उसकी छोटी-छोटी आदतें याद आने लगती हैं। वही शोर, टीवी को लेकर झगड़ा और खाने की चीजों पर बहस अचानक याद आने लगती है।

Brother Sister Relationship
4. मुझे तुम पर भरोसा है
भाई-बहन एक-दूसरे की खूब पोल खोल सकते हैं, लेकिन कई मामलों में बहन अपने भाई को सबसे भरोसेमंद लोगों में गिनती है। मुश्किल समय में उससे सलाह लेना या अपनी परेशानी साझा करना इसी भरोसे का हिस्सा है।
5. तुम्हारी सफलता मेरी सफलता है
भाई को आगे बढ़ते देख बहन के चेहरे पर गर्व हो सकता है, भले ही वह सामने से सिर्फ इतना बोले, अच्छा है, अब ज्यादा उड़ना मत। उस मजाक के पीछे उसकी सच्ची खुशी छिपी हो सकती है।
6. जरूरत पड़े तो मैं यहीं हूं
भाई-बहन एक-दूसरे से कितनी भी बहस करें, मुश्किल समय में रिश्ते की असली ताकत सामने आती है। हर समस्या का समाधान देना जरूरी नहीं। कई बार सिर्फ यह एहसास कि मैं हूं ना, रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए काफी होता है।
भाई-बहन के रिश्ते में प्यार हमेशा बड़े-बड़े शब्दों में नजर नहीं आता। कभी एक-दूसरे की चीज छिपाने में, कभी बिना पूछे मदद करने में दिखाई देता है। शायद इसी वजह से भाई-बहन की लड़ाई खत्म हो सकती है, लेकिन उनका अपनापन कभी खत्म नहीं होता।
