World Senior Citizen Day: आज की तेज जिंदगी में हमारी सुबह मोबाइल की स्क्रीन से शुरू होती है और रात भी नोटिफिकेशन देखते-देखते गुजर जाती है। काम, पढ़ाई, करियर, दोस्त, सोशल मीडिया और अपनी पसंद की जिंदगी के बीच कई बार घर के बुजुर्ग पीछे छूट जाते हैं। हम उन्हें प्यार तो करते हैं, लेकिन क्या उनके साथ बैठकर सच में बात करते हैं? यही सवाल World Senior Citizen Day जैसे मौके को खास बनाता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - उम्र नहीं, अनुभव की चमक खास है, अपने आसपास के Senior Citizens को ऐसे दें दिल से बधाई
बुजुर्गों की अहमियत सिर्फ इसलिए नहीं है कि वे हमसे उम्र में बड़े हैं। उनके पास जिंदगी के ऐसे अनुभव होते हैं, जिन्हें कोई गूगल सर्च पूरी तरह नहीं समझा सकता। उन्होंने परिवारों को बदलते देखा है, मुश्किल वक्त झेला है और छोटी-छोटी चीजों में खुशी ढूंढना सीखा है। जेन Z के लिए शायद सबसे जरूरी बात यही है, बुजुर्गों से सिर्फ सलाह नहीं, उनकी कहानी सुनना भी सीखें। क्योंकि कई बार उनके बीते कल में हमारे आने वाले कल की समझ छिपी होती है।
Why are Elderly Important in Life
दादी की पुरानी रसोई की बातें हों, नाना के संघर्ष की कहानी या दादा के बचपन के किस्से—ये सब परिवार की ऐसी यादें हैं, जो किसी वेबसाइट पर नहीं मिलेंगी। उनके पास परिवार का वह इतिहास होता है, जिसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उनसे बातचीत करना दरअसल अपने ही परिवार को बेहतर तरीके से जानना है।
उनकी जरूरत सिर्फ दवा या देखभाल नहीं
बुजुर्गों के लिए देखभाल का मतलब केवल समय पर दवा देना या डॉक्टर के पास ले जाना नहीं है। उन्हें यह महसूस होना भी जरूरी है कि परिवार में उनकी जगह आज भी उतनी ही खास है।

Why are Elderly Important in Life
उनसे पूछिए—आज दिन कैसा रहा? उनकी पसंद का खाना बनाइए। पुरानी तस्वीरें देखिए। या बस दस मिनट उनके पास बैठ जाइए। आपके लिए ये दस मिनट छोटे हो सकते हैं, लेकिन उनके लिए पूरे दिन का सबसे अच्छा हिस्सा बन सकते हैं।
जेन Z सीखें
आज के दौर के लोगों की जिंदगी में बेशक सब कुछ है, लेकिन ठहराव नहीं है। ऐसे में बुजुर्ग हमें यही चीज बखूबी सिखाते हैं। हर चीज तुरंत पाने की आदत के बीच वे इंतजार करना जानते हैं। रिश्तों में मतभेद के बावजूद साथ रहना जानते हैं। कम साधनों में खुशियां तलाशना जानते हैं।
World Senior Citizen Day पर बुजुर्गों को केवल शुभकामना संदेश भेजना काफी नहीं। इस बार कुछ अलग कीजिए। फोन एक तरफ रखिए और उनके पास बैठकर उनकी कोई पुरानी कहानी सुनिए। उनसे पूछिए कि उनकी पहली नौकरी कैसी थी, उनका बचपन कैसा था या उन्होंने अपने समय में त्योहार कैसे मनाए थे। शायद आपको कोई ऐसी कहानी मिल जाए, जिसे सुनकर लगे—हम जिस तेज जिंदगी को बहुत आधुनिक समझते हैं, उसमें भी कुछ पुरानी सीखें आज बेहद जरूरी हैं।
