दुनिया

Nepal Flood: बाढ़ में जान गंवाने वाले 157 में से 83 नेपाली पुलिस और सेना के जवान, तिब्बत में 265 लापता

Nepal Flood: नेपाल और चीन के तिब्बत क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सैकड़ों लोग अब भी लापता हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

Image

नेपाल में बाढ़ से हाहाकार

Nepal Flood: नेपाल और चीन की सीमा से लगे हिमालयी क्षेत्र में कल यानी बुधवार 26 अगस्त को आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस फ्लैश फ्लड ने अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को तबाह कर दिया और अपने साथ बहा ले गया। नेपाल में अब तक 157 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि चीन के तिब्बत क्षेत्र में कम से कम तीन लोगों की मौत और 265 लोगों के लापता होने की खबर है। इस तरह दोनों देशों में मृतकों की संख्या कम से कम 160 तक पहुंच गई है। राहत और बचाव अभियान के बीच लापता लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

नेपाल में 157 शव बरामद

नेपाल पुलिस के अनुसार, बाढ़ प्रभावित अलग-अलग जिलों से 157 शव मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा 64 शव चितवन से बरामद हुए हैं। इसके अलावा धादिंग में 27, नवलपरासी ईस्ट में 22, गोरखा में 19, नुवाकोट में 13, तनहूं में 9 और रसुवा में 3 शव मिले हैं।

बाढ़ और मलबे ने कई इलाकों में सड़क, पुल और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान पहुंचाया है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हालात के बीच भी जारी है।

चीन के तिब्बत में भी भारी तबाही

चीन की सरकारी प्रसारण संस्था CCTV के मुताबिक, तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी में फ्लैश फ्लड और मलबे की चपेट में आने के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है। खबर के मुताबिक चीनी नियंत्रण क्षेत्र में 265 लोग लापता बताए जा रहे हैं। सीमा क्षेत्र में संपर्क और आवागमन प्रभावित होने के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।

बचाव अभियान में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

नेपाल में राहत और बचाव कार्य के लिए पुलिस, नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल को लगाया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक नेपाल पुलिस के 26, नेपाली सेना के 44 और सशस्त्र पुलिस बल के 13 कर्मी भी अब तक लापता बताए गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित पर्वतीय इलाकों में मलबे और क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों के कारण तलाशी अभियान लगातार जारी है। आने वाले घंटों में मृतकों और लापता लोगों के आंकड़े में बदलाव संभव है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article