स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने बुधवार को क्वालीफायर-1 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 15 रन से हराकर DPL 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। जबकि सेंट्रल दिल्ली किंग्स को अब क्वालिफ़ायर 2 खेलना होगा। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 20 ओवर में 193/7 का मजबूत स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स 19.4 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को अनमोल शर्मा ने मजबूत शुरुआत दिलाई, जिन्होंने 42 गेंद में शानदार 67 रन बनाए। उनकी इस तूफानी पारी में आठ चौके और दो छक्के शामिल थे। उन्हें कप्तान-विकेटकीपर तेजस्वी दहिया का अच्छा साथ मिला। जिन्होंने 33 गेंद में दमदार 57 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे।
9.65 के नेट रन रेट से बनाए रन
उनकी साझेदारी ने स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया और 193 रन के कुल स्कोर की नींव रखी। आखिरी ओवरों में प्रांशु विजयराजन (6 गेंद में नाबाद 11 रन) और विजन पांचाल (3 गेंद में नाबाद 7 रन) का अहम योगदान रहा। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 9.65 के अच्छे रन रेट के साथ पारी खत्म की। सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए गवनीश खुराना 3/25 के साथ सबसे बेहतरीन गेंदबाज रहे, जबकि केशव डबास ने दो विकेट लिए।
वंश और केशव की पारी गई बेकार
194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स को शुरुआती झटके लगे। टीम ने 71 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए, जिससे साउथ दिल्ली का मैच पर पूरा नियंत्रण हो गया। हालांकि, केशव डबास और वंश बेदी ने शानदार पलटवार किया। डबास ने 35 गेंद में 59 रन बनाए, जबकि बेदी ने सिर्फ 24 गेंद में 52 रन जड़े, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल थे।
दिव्यांश रावत ने कराई वापसी
उनकी आक्रामक साझेदारी ने सेंट्रल दिल्ली को कुछ समय के लिए मुकाबले में वापस ला दिया। हालांकि, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने आखिरी पलों में संयम बनाए रखा। दिव्यांश रावत ने 3/29 के साथ अहम भूमिका निभाई, जबकि विजन पांचाल ने दो विकेट लेकर निचले क्रम के बल्लेबाजों को आउट किया।
आखिरकार सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीम अरुण जेटली स्टेडियम में 19.4 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। 15 रन की जीत के साथ साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स DPL 2026 के फ़ाइनल में पहुंच गई, जबकि सेंट्रल दिल्ली किंग्स को अब क्वालिफायर 2 खेलना होगा।
