CWG 2022: बर्मिंघम में भारत पर हुई मेडल की बरसात लेकिन रह गई एक कसक, जानिए कितने गोल्ड-सिल्वर और ब्रॉन्ज मिले

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 8, 2022, 09:04 PM IST

India at commonwealth Games 2022: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के समापन के बाद मेडल जीतने वाले देशों की लिस्ट सामने आ गई है। जानिए, भारत किस नंबर पर रहा।

CWG 2022: बर्मिंघम में भारत पर हुई मेडल की बरसात लेकिन रह गई एक कसक, जानिए कितने गोल्ड-सिल्वर और ब्रॉन्ज मिले
Photo Credit: AP

बर्मिंघम में 11 दिनों तक चले कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का सोमवार को समापन हो गया। भारतीय खिलाड़ियों ने आखिरी दिन भी धमाल मचाया और मेडल की संख्या में इजाफा किया। भारत ने अंतिम दिन 6 मेडल अपनी झोली में डाले, जिसमें 4 गोल्ड, 1 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज शामिल है। बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन ने सिंगल मुकाबले में जबकि सात्विक साइराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने डबल्स में स्वर्ण जीता। टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल और  साथियान ज्ञानशेखर को पुरुष एकल स्पर्धा में क्रमश: स्वर्ण और कांस्य मिला। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सिल्वर जीता।

भारत को बर्मिंघम में मिले 61 मेडल

भारतीय दल ने बर्मिंघम में जबरदस्त छाप छोड़ी और कुल 61 मेडल अपने खाते में डाले। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। भारत ने 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। देश ने सर्वाधिक पदक कुश्ती और वेटलिफ्टिंग की अलग-अलग कैटगरी में हासिल किए। भारत ने कुश्ती में 12 और वेटलिफ्टिंग में 10 मेडल अपने नाम किए। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने 178 मेडल जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। उसे 67 स्वर्ण, 57 रचत और 57 कांस्य मिले। इंग्लैंड (176) दूसरे और कनाडा (92) तीसरे नंबर पर रहा।

बर्मिंघम में रह गई ये बड़ी कसक

बर्मिंघम में भारत पर भले ही मेडल की बरसात हुई लेकिन एक बड़ी कसक रह गई। दरअसल, भारत पदकों के मामले में कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 के अपने रिकॉर्ड को तोड़ नहीं पाया। भारत ने गोल्ड कोस्ट में हुए पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 66 मेडल हासिल किए थे और तीसरे स्थान पर रहा था। भारत को बर्मिंघम में ना सिर्फ पांच मेडल बल्कि तालिका में एक पायदन का भी नुकसान हुआ।

हालांकि, भारत, बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम्स इतिहास का अपना 200वां गोल्ड जीतने में कामयाब रहा। 200वां गोल्ड सिंधू ने दिलाया। देश के अब कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 203 स्वर्ण पदक हो गए हैं। गौरतलब है कि भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में सबसे ज्यादा पदक साल 2010 में हासिल किए थे। भारतीय दल ने तब नई दिल्ली में आयोजित हुए गेम्स में 101 मेडल जीते थे।

End of Article