स्पोर्ट्स

Asian Games 2026: भारत को सेलिंग में मिला सिल्वर, मनु-कुरिसिंकल की जोड़ी ने रचा इतिहास

Asian Games 2026: भारतीय जोड़ी मनु फ्रांसिस और कुरिसिंकल नोबल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष स्किफ वर्ग में रजत पदक अपने नाम कर लिया। मनु और कुरिसिंकल ने नौवीं और अंतिम रेस में जबरदस्त धैर्य और तकनीक का प्रदर्शन किया।

Image

भारत ने सेलिंग में जीता सिल्वर (फोटो साभार- @TheKhelIndia)

Asian Games 2026: एशियाई खेल 2026 में भारतीय दल को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बृहस्पतिवार को सेलिंग प्रतियोगिता में भारतीय जोड़ी मनु फ्रांसिस और कुरिसिंकल नोबल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष स्किफ वर्ग में रजत पदक अपने नाम कर लिया। यह पदक भारत के लिए बेहद खास है क्योंकि सेलिंग में भारत का प्रदर्शन हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है। मनु और कुरिसिंकल ने नौवीं और अंतिम रेस में जबरदस्त धैर्य और तकनीक का प्रदर्शन किया।

भारत ने जीता सेलिंग का रजत पदक

पुरुष स्किफ स्पर्धा में कुल 9 रेस आयोजित की गई थीं। इस प्रतियोगिता का नियम बेहद रोचक है। इसमें हर रेस में आपके स्थान के आधार पर अंक मिलते हैं। जैसे, अगर आप पहले स्थान पर रहते हैं तो आपको 1 अंक मिलेगा, दूसरे स्थान पर 2 अंक और इसी तरह। अंत में जिसके कुल अंक सबसे कम होते हैं, वही विजेता बनता है। भारतीय जोड़ी ने 9 रेस के बाद कुल 23 अंक जुटाए और ओवरऑल दूसरे स्थान पर रही।

चीन ने जीता स्वर्ण

स्वर्ण पदक चीन की जोड़ी वेन जैडिंग और लियू तियान ने जीता। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 16 अंक हासिल किए, जो सबसे कम था। वहीं कांस्य पदक के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली। हांगकांग चीन के अकिरा ल्यूक साकाई और रसेल आयल्सवर्थ ने 24 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। भारत और हांगकांग के बीच सिर्फ 1 अंक का अंतर रहा, जो इस जीत को और भी रोमांचक बनाता है।

क्या होती है स्किफ बोट?

जानकारी के लिए बता दें कि स्किफ छोटी और हल्की नौकाएं होती हैं, जिन्हें चलाने के लिए तेज हवा में संतुलन और तेजी से फैसले लेने की क्षमता जरूरी होती है। इस वर्ग में दो खिलाड़ी एक साथ बोट को संभालते हैं। मनु फ्रांसिस और कुरिसिंकल नोबल की इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय सेलर्स अब दुनिया के किसी भी स्तर पर चुनौती देने के लिए तैयार हैं। इस रजत पदक से भारत की पदक तालिका में भी इजाफा हुआ है।

एशियन गेम्स में भारत ने अब तक 10 गोल्ड, 22 सिल्वर और 30 ब्रांज जीतकर कुल 62 मेडल जीते हैं। इसके साथ ही भारतीय टीम मेडल टैली में 8वें नंबर पर मौजूद है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article