दुनिया

फ्लाई दुबई विमान संकट टालने वाले भारतीय पायलट की ट्रंप ने की तारीफ, स्मित मच्छार को 'हीरो' बताया

ट्रंप ने बताया कि सह-पायलट ने कथित तौर पर पायलट पर चाकू से हमला किया। इसके बावजूद घायल पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर मदद के लिए आवाज लगाई। ट्रंप ने कहा कि इस स्थिति में भी पायलट का मदद मांग पाना असाधारण था और 'एक तरह से वह हीरो थे।'

Image

घायल होते हुए भी स्मित मच्छार ने काकपिट का दरवाजा खोला। तस्वीर-@IsraelMFA

Donald Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल जा रहे फ्लाईदुबई विमान के भारतीय पायलट स्मित मच्छार की तारीफ की है और उन्हें 'हीरो' बताया है। ट्रंप के मुताबिक, कॉकपिट में सह-पायलट के कथित चाकू हमले के बावजूद गंभीर रूप से घायल पायलट ने सूझबूझ दिखाई और विमान को बड़े हादसे से बचाने में अहम भूमिका निभाई। ट्रंप ने बताया कि सह-पायलट ने कथित तौर पर पायलट पर चाकू से हमला किया। इसके बावजूद घायल पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर मदद के लिए आवाज लगाई। ट्रंप ने कहा कि इस स्थिति में भी पायलट का मदद मांग पाना असाधारण था और 'एक तरह से वह हीरो थे।'

इजराइली यात्री के हस्तक्षेप का भी जिक्र किया

मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने सह-पायलट के बारे में कहा कि वह 'शायद आतंकी या शायद सनकी' हो सकता है। ट्रंप ने एक इजराइली यात्री के हस्तक्षेप का भी जिक्र किया, जिसने कॉकपिट में पहुंचकर कथित तौर पर सह-पायलट को काबू करने में मदद की। इसके बाद अन्य यात्रियों और क्रू ने भी उसे नियंत्रित किया और अतिरिक्त पायलटों ने कॉकपिट का नियंत्रण संभाला। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने इस घटना के बारे में इजराइली पीएम से बात की।

विमान उड़ाने की बुनियादी बातें सीखी थीं

ट्रंप ने एक इजरायली यात्री के हस्तक्षेप का भी जिक्र किया। ट्रंप के मुताबिक, यह यात्री, जिसने कभी विमान नहीं उड़ाया था, कॉकपिट में दाखिल हुआ, सह-पायलट को उसकी सीट से खींचकर पीछे की ओर गिरा दिया, जिसके बाद अन्य यात्रियों ने उसे काबू करने में मदद की। ट्रंप ने बताया कि बाद में उस यात्री ने कहा कि उसने टीवी कार्यक्रम ‘एयर डिजास्टर्स’ देखकर विमान उड़ाने से जुड़ी कुछ बुनियादी बातें सीखी थीं। ट्रंप ने कहा, 'उसने बताया कि वह यह शो काफी देखता है और इसे देखकर उसने किसी तरह विमान उड़ाने के बारे में सीखा।'

नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की तारीफ की

वहीं, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की है। नेतन्याहू ने उन्हें ‘सच्चा हीरो’ बताया। रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट FZ1073 में दोनों पायलटों के बीच कॉकपिट में विवाद हुआ। इस दौरान एक पायलट ने कथित तौर पर दूसरे पायलट पर हमला किया और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। वहीं, घटना की जांच के बीच फ्लाई दुबई ने इजराइल से आने-जाने वाली सभी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित करने का ऐलान किया है।

दुबई-तेल अवीव उड़ान पर थे मच्छार

भारतीय कैप्टन मच्छार बुधवार को फ्लाई दुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान पर थे, जब उनके को-पायलट ने उन पर हमला बोल दिया और विमान को गिराने की कोशिश की। घायल होने के बावजूद मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और मुकाबला करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इससे फ्लाइट में सवार यात्रियों को अंदर आने का मौका मिल गया और हमलावर पर काबू पा लिया गया। इसके बाद उन्होंने घायल हालत में विमान की सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग कराई।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article