मानसून में बालों से जुड़े घरेलू नुस्खों की बाढ़ आ जाती है। लोग हेयर केयर के लिए तरह-तरह के नुस्खे बताते हैं। ये वायरल भी खूब होता है। इसी कड़ी में मुलेठी और दही का हेयर पैक भी एक घरेलू हैक के तौर पर चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि यह हैक बालों को मुलायम बनाने और रूखेपन को कम करने में मदद कर सकता है। बहुत से लोगों के मन में सवाल है कि क्या मुलेठी और दही का यह कॉम्बिनेशन वाकई बालों के लिए फायदेमंद है या सोशल मीडिया का एक और ट्रेंड है?
मुलेठी में क्या खास है?
मुलेठी को पारंपरिक रूप से स्किन और स्वास्थ्य से जुड़े कई घरेलू उपायों में इस्तेमाल किया जाता रहा है। इसमें कुछ ऐसे बायोएक्टिव कंपाउंड पाए जाते हैं जिनमें एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सिडेंट गुणों की चर्चा वैज्ञानिक साहित्य में मिलती है। यही वजह है कि मुलेठी को स्कैल्प के लिए इस्तेमाल करने का विचार पूरी तरह बेतुका नहीं है।
दही बालों को कैसे फायदा पहुंचा सकता है?
दही में प्रोटीन और लैक्टिक एसिड मौजूद होते हैं। इसे बालों पर लगाने से बालों की सतह पर अस्थायी रूप से मुलायमपन और कंडीशनिंग का एहसास हो सकता है। दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की ऊपरी परत पर मौजूद मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद कर सकता है। खासकर मानसून में जब बालों में नमी के कारण वे रूखे या उलझे हुए महसूस हो सकते हैं, दही वाला पैक कुछ लोगों को बालों को ज्यादा सॉफ्ट महसूस करा सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बालों में गजरा लगाने से मन को क्यों मिलता है सुकून
तो क्या दोनों को मिलाकर लगाना सही है?
अगर किसी व्यक्ति को मुलेठी या डेयरी प्रोडक्ट से एलर्जी नहीं है, तो कभी-कभार लगाया गया ऐसा घरेलू पैक सामान्य तौर पर कुछ लोगों के लिए कंडीशनिंग अनुभव दे सकता है। दूसरी तरफ ऑयली स्कैल्प, डैंड्रफ, सेबोरिक डर्मेटाइटिस या किसी तरह की एलर्जी वाले व्यक्ति को ऐसे प्रयोगों से समस्या बढ़ सकती है।
खासकर मानसून में स्कैल्प पर लंबे समय तक कोई गीला मिश्रण लगाए रखना उचित नहीं है। अगर इसे आजमाना ही है तो पहले पैच टेस्ट करना बेहतर है और जलन, खुजली या लालिमा होने पर तुरंत इस्तेमाल बंद कर दें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चीन में पहले इन अजीब तरीकों से सजती थीं महिलाएं
वायरल हैक और वैज्ञानिक सच में फर्क समझें
मुलेठी और दही को बालों के लिए इस्तेमाल करने से कुछ लोगों को मुलायमपन या आराम महसूस हो सकता है, लेकिन इसे हेयर फॉल, डैंड्रफ या गंजेपन का इलाज बताना वैज्ञानिक रूप से सही नहीं होगा।
मानसून में बालों की देखभाल के लिए ज्यादा जरूरी है कि स्कैल्प को साफ और सूखा रखा जाए, पसीने और गंदगी को जमा न होने दें, गीले बालों को लंबे समय तक बांधकर न रखें और समस्या लगातार बनी रहने पर डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें।
