पटना के ADM सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को बेगूसराय स्थित रविंद्र कुमार दिवाकर के पैतृक आवास और पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास पर एक साथ तलाशी ली गई। कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 113/26 के तहत न्यायालय से मिले सर्च वारंट के आधार पर की जा रही है।
बेगूसराय के पोखरिया वार्ड नंबर-37 स्थित आवास पर पटना निगरानी के डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम पहुंची। यहां तलाशी के दौरान 9 लाख रुपये से अधिक नकदी और बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक तलाशी अभी जारी है और बरामद सामान का मिलान किया जा रहा है।
पटना वाले आवास से 70 लाख कैश मिलने की जानकारी
निगरानी विभाग की दूसरी टीम ने पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित कश्यप ग्रीन सिटी में ADM सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के आवास पर छापेमारी की। यहां से अब तक करीब 70 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी है। नोटों की गिनती के लिए मशीन भी मंगाई गई है।48 महंगी घड़ियां भी बरामद
तलाशी में करीब 48 महंगी घड़ियां भी मिलने की बात सामने आई है। इनकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज भी जांच टीम को मिले हैं। हालांकि बरामद नकदी, जेवरात और अन्य सामान की अंतिम मात्रा और कीमत की आधिकारिक पुष्टि तलाशी पूरी होने के बाद ही होगी।
दस्तावेजों में 2.92 करोड़ की अचल संपत्ति का ब्योरा
निगरानी विभाग से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, जांच की अवधि में रविंद्र कुमार दिवाकर, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम दर्ज अचल संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 2 करोड़ 92 लाख 85 हजार 900 रुपये बताया गया है। दस्तावेज के मुताबिक दानापुर के कश्यप ग्रीन होम्स में कुमारी स्वीटी के नाम फ्लैट संख्या 402 की कीमत करीब 49.34 लाख रुपये और रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम फ्लैट संख्या 401 की कीमत करीब 45.68 लाख रुपये दर्ज है।इसके अलावा फुलवारीशरीफ में दोनों के नाम करीब 3.9-3.9 डिसमिल जमीन का उल्लेख है, जिसकी कीमत करीब 51.73-51.73 लाख रुपये बताई गई है। बलिया में 20 डिसमिल जमीन की कीमत करीब 23.77 लाख रुपये और फुलवारीशरीफ में पिता के नाम दर्ज 3.9 डिसमिल जमीन की कीमत करीब 44.19 लाख रुपये बताई गई है। बेगूसराय में करीब चार डिसमिल जमीन भी दस्तावेज में शामिल है, जिसकी कीमत करीब 26.40 लाख रुपये दर्ज है।
शिक्षक से शुरू हुआ था ADM रविंद्र दिवाकर का करियर
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक रविंद्र कुमार दिवाकर ने वर्ष 2000 में शिक्षक के तौर पर करियर शुरू किया था। इसके बाद वर्ष 2009 में वे सारण में DPRO रहे। 2010-11 में कटिहार में SDC, 2014 में दरभंगा में SDC, 2018 में सहरसा में PGRO, 2020 में समस्तीपुर में SDM और 2023 में गया में SDC के पद पर रहे। वर्ष 2024 में वे पटना में SDC रहे और अक्टूबर 2025 से ADM सप्लाई के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी 2013 बैच की सब-रजिस्ट्रार हैं। उन्होंने तेघड़ा, हवेली खड़गपुर और सकरा में सेवाएं दी हैं। वर्ष 2024 से वह दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत बताई जा रही हैं।
निगरानी विभाग की जांच जारी
निगरानी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज कांड संख्या 113/26 के तहत की जा रही है। डीएसपी वासुदेव राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सर्च वारंट के आधार पर तलाशी ली जा रही है। बेगूसराय के अलावा पटना में भी कार्रवाई चल रही है।
