शहर

पहले नहीं आई ठंड... दिल्ली में जल्द खत्म होगा सुहावने मौसम का दौर, IMD ने बताया कब लौटेगी गर्मी

Delhi Weather: दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 28.7°C रहा। बारिश से AQI 56 (संतोषजनक) दर्ज हुआ। IMD ने बताया कि यह समय से पहले सर्दियों की शुरुआत नहीं है।

Image

दिल्ली में फिर लौटेगी गर्मी

Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार जारी मौसम के खुशनुमा मिजाज से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम होकर 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे ठीक एक दिन पहले रविवार को दिल्ली में पिछले 25 वर्षों में सितंबर महीने का दूसरा सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया था। हालांकि, मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि तापमान में आई यह गिरावट समय से पहले सर्दियों की शुरुआत नहीं है और सुहावने मौसम का यह दौर जल्द ही समाप्त होने वाला है।

पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय परिसंचरण का असर

IMD के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश व इसके आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के संयुक्त प्रभाव के कारण दिल्ली-एनसीआर में तापमान में यह भारी गिरावट देखी गई है। दिन के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। रिज में 2.2 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 27.2°C रहा, जो सामान्य से 7.7 डिग्री कम है। पालम में 1.0 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 27.7°C रहा, जो सामान्य से 7.4 डिग्री कम है। आयानगर में 0.7 मिमी बारिश हुई, सफदरजंग और लोधी रोड में हल्की बूंदाबांदी हुई।प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से मामूली (0.3 डिग्री) कम है।

दिल्ली की हवा हुई साफ, AQI 56 दर्ज

बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के शाम 4 बजे के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 56 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' (Satisfactory) श्रेणी में आता है।

1 अक्टूबर से चढ़ेगा पारा, बढ़ेगी उमस

मौसम कार्यालय ने चेतावनी दी है कि तापमान में गिरावट का यह सिलसिला जल्द ही थमने वाला है। 1 अक्टूबर से दिल्ली के ज़्यादातर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान पुनः सामान्य के आसपास पहुंच जाएगा। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार के पूर्वानुमान के अनुसार, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article