MPSC Exam 2026 Postponed: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने तीन अक्टूबर को आयोजित होने वाली राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 को फिलहाल स्थगित कर दिया है। आयोग ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नई तारीखों का नहीं हुआ ऐलान
आयोग ने महाराष्ट्र सिविल इंजीनियरिंग मुख्य परीक्षा 2026 और महाराष्ट्र ग्रुप-बी (गैर-राजपत्रित) मुख्य परीक्षा को भी स्थगित कर दिया है। इन परीक्षाओं की संशोधित तारीखों की घोषणा अलग से की जाएगी। आयोग ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 की उत्तर पुस्तिकाओं का दोबारा मूल्यांकन करने का भी फैसला किया है।
यह फैसला औषधि निरीक्षक परीक्षा के पेपर लीक होने के आरोपों और आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं की समग्र प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के विरोध के बीच लिया गया।
परीक्षा व्यवस्था की हो रही समीक्षा
एमपीएससी ने कहा कि (वरिष्ठ नौकरशाह वी. राधा की अध्यक्षता वाली) उच्चस्तरीय समिति मौजूदा परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही है। समिति ने कई अभ्यर्थियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ विस्तृत चर्चा की है तथा बेहतर प्रक्रियाओं का भी अध्ययन किया है। आयोग ने कहा कि आदर्श परीक्षा व्यवस्था को लेकर समिति की सिफारिशें जल्द आने की संभावना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: हिंदी मीडियम की चुनौतियों से बिहार कैडर तक, DIG दीपक बरनवाल ने सुनाई संघर्ष की कहानी
आयोग ने कहा, ''आयोग को कई छात्रों, अभिभावकों, छात्र संगठनों और कुछ सम्मानित निर्वाचित प्रतिनिधियों से अभ्यावेदन मिले हैं, जिनमें तीन अक्टूबर से शुरू होने वाली राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 को स्थगित करने का अनुरोध किया गया है।'' उसने कहा कि इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए एमपीएससी ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026, महाराष्ट्र सिविल इंजीनियरिंग मुख्य परीक्षा 2026 और महाराष्ट्र ग्रुप-बी (गैर-राजपत्रित) मुख्य परीक्षा स्थगित करने का फैसला किया है।
सनद रहे कि एमपीएससी की परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों ने सितंबर में उम्मीदवारों ने परीक्षा प्रक्रिया में सुधार और जवाबदेही की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी।
