लाइफस्टाइल

Ganesh Chaturthi 2026: घर पर मिट्टी के छोटे से गणेश जी कैसे बनाएं, इस आसान तरीके से घर बैठे तैयार करें प्यारी सी मूर्ति

गणेश चतुर्थी पर बाजार से मूर्ति लाने के बजाय इस बार घर पर अपने हाथों से मिट्टी के गणेश जी बनाएं। थोड़ी सी मिट्टी, पानी से आप घर पर क्यूट सी मूर्ति बना सकते हैं। देखें मिट्टी के गणपति कैसे बनाएं, घर पर गणेश जी की मूर्ति कैसे बनाएं।

Image

घर पर मिट्टी के छोटे से गणेश जी कैसे बनाएं

Ghar par mitti ke ganesh ji kaise banaye: गणेश चतुर्थी आते ही घर में गणपति स्थापित करने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। कोई बाजार से सुंदर मूर्ति चुनता है, तो कोई सजावट और पूजा की चीजें जुटाने में लग जाता है। लेकिन अगर इस बार गणेश जी की मूर्ति खुद अपने हाथों से बनाई जाए, तो त्योहार का अनुभव थोड़ा और खास हो सकता है। इसके लिए किसी खास कारीगरी की जरूरत नहीं है।

घर पर छोटी सी मिट्टी की मूर्ति आप कुछ ही सामान मिलाकर आसानी से बना सकते हैं। तो अगर आप भी इस गणेश चतुर्थी पर अपने घर खुद के हाथों से बनी हुई मूर्ति को स्थापित कर उसकी पूजा करना चाहते हैं। तो यहां देखें घर पर मिट्टी के गणेश जी कैसे बनाएं, गणपति बप्पा की मूर्ति कैसे बनाएं।

सबसे पहले तैयार करें मिट्टी

इसके लिए साफ और प्राकृतिक मिट्टी लें। मिट्टी में छोटे पत्थर, सूखी घास या दूसरी गंदगी हो तो उसे निकाल दें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर इसे गूंधें। मिट्टी न बहुत गीली हो और न इतनी सूखी कि हाथ लगाते ही टूटने लगे। इसकी बनावट ऐसी होनी चाहिए कि वह आसानी से आकार ले सके।

पहले बनाएं गणेश जी का शरीर

सबसे पहले मिट्टी की एक छोटी गोल लोई बनाकर शरीर का आकार तैयार करें। इसके ऊपर सिर के लिए थोड़ी छोटी मिट्टी की गेंद लगाएं। इसके बाद पेट को हल्का गोल आकार दें। गणेश जी की छोटी प्रतिमा बनाते समय बहुत ज्यादा बारीकियां बनाने की जरूरत नहीं है। साधारण आकार भी सुंदर दिखाई देता है।

सूंड और कान

अब सबसे अहम हिस्सा आता है.. सूंड। मिट्टी की एक पतली पट्टी बनाकर उसे चेहरे के बीच में लगाएं और हल्का-सा नीचे की ओर मोड़ दें। कानों के लिए दो छोटी चपटी मिट्टी की आकृतियां बनाएं और सिर के दोनों तरफ चिपका दें। कानों को बहुत पतला न रखें, वरना सूखने के दौरान टूट सकते हैं। आंखों के लिए बहुत छोटे मिट्टी के दाने लगाए जा सकते हैं। चाहें तो सूखने के बाद प्राकृतिक रंग से आंखों की हल्की रेखा बना सकते हैं।

हाथ-पैर और मुकुट

हाथों के लिए चार छोटी मिट्टी की पट्टियां बनाएं। इन्हें शरीर के दोनों तरफ सावधानी से जोड़ें। पैरों को छोटी गोल आकृतियों से बनाया जा सकता है।मुकुट के लिए मिट्टी को हल्का चपटा करके सिर के ऊपर सजाएं। यहां आप अपनी कल्पना का इस्तेमाल कर सकते हैं। बहुत ज्यादा डिजाइन बनाने के बजाय छोटा और साफ मुकुट ज्यादा प्यारा लगेगा।

मूर्ति को अच्छी तरह सूखने दें

मूर्ति बन जाने के तुरंत बाद उसे रंगने की जल्दबाजी न करें। इसे ऐसी जगह रखें जहां हवा आती-जाती रहे और प्रतिमा धीरे-धीरे सूख सके। बहुत तेज धूप देने से मिट्टी में दरार पड़ सकती है। इसलिए सामान्य तापमान पर पर्याप्त समय देना बेहतर है। पूरी तरह सूखने के बाद ही सजावट करें।

इसके बाद आप अपनी पसंद के रंगों का इस्तेमाल कर गणेश जी की प्रतिमा पर कलर कर सकते हैं। गणेश जी को सजाने के लिए फूल, दूर्वा और छोटे पत्तों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article