एक्स के साथ दोस्ती या फिर रिश्ते को कोई नाम ना देना आज किसी भी हेल्दी रिलेशनशिप में रेड फ्लैग की तरह देखे जाते हैं। हाल ही में अभिनेता विक्रांत मैसी ने रिश्तों को लेकर बताया कि उनके और उनकी पत्नी शीतल ठाकुर के बीच किस तरह की सोच रही है।
रिलेशनशिप में जरूरी है क्लैरिटी
एक मीडिया इंटरव्यू में अपने रिश्तों के नजरिए को स्पष्ट करते हुए विक्रांत ने कहा कि वह पुरानी सोच के इंसान हैं। उनका मानना है कि रिश्ते में स्पष्टता होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वह खुद को खुशनसीब मानते हैं कि उन्हें ऐसी जीवनसंगिनी मिली जिनकी सोच भी बिल्कुल ऐसी ही थी।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उन्होंने और शीतल ने कभी अपने रिश्ते को दुनिया से नहीं छुपाया। उनके मुताबिक, अगर कोई कपल लंबे समय तक साथ रहने के बाद भी अपने रिश्ते को छुपाता है या उसे कोई नाम नहीं देना चाहता, तो यह थोड़ा संदेहास्पद हो सकता है।
एक्स से नजदीकी है रेड फ्लैग
रिश्तों से जुड़े एक अन्य अहम मुद्दे पर विक्रांत ने साफ किया कि उनके लिए किसी पूर्व प्रेमी या प्रेमिका के साथ दोस्ती रखना एक रेड फ्लैग है। उन्होंने बताया कि न तो वह और न ही उनकी पत्नी शीतल अपने किसी भी एक्स के साथ दोस्त हैं।
हर वक्त ना रखें नजर
विक्रांत कहते हैं कि कोई पार्टनर फोन पर ट्रैकर लगाता है या कॉल तुरंत न उठाए जाने पर घबराने लगता है, तो यह चिंता का विषय हो सकता है। हालांकि, काम में व्यस्त होना एक आम बात है, इसलिए थोड़ी चिंता करना स्वाभाविक है लेकिन बात-बात पर पैनिक करना सही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई पार्टनर अपने साथी के काम करने की जगह पर बिना बताए पहुंच जाए, तो कुछ लोगों को यह रेड लग सकता है, लेकिन उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है।
पार्टनर के दोस्तों को बना लें दोस्त
सबसे बड़ा रेड फ्लैग उनके लिए यह है कि जब आपका पार्टनर आपके दोस्तों के साथ मेल-जोल पसंद न करे। विक्रांत का मानना है कि रिश्ते में यह बहुत जरूरी है कि पार्टनर आपके दोस्तों को पसंद करे और आप उनके दोस्तों के साथ सहज रहें।
एक्सपर्ट्स का भी मानना है कि किसी भी रिश्ते की मजबूती के लिए आपसी संवाद, विश्वास, स्वस्थ सीमाएं और एक जैसी उम्मीदें होना सबसे ज्यादा जरूरी है। हर रिश्ते में अपनी निजता और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए, ताकि प्यार और अपनापन हमेशा बना रहे।
