आज के समय में जहां लोग उम्र बढ़ने के साथ बढ़ती थकान और सुस्ती से परेशान रहते हैं, वहीं बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सुनील शेट्टी आज भी अपनी गजब की फिटनेस और एनर्जी से हर किसी को हैरान कर देते हैं। 64 वर्ष की उम्र में भी उनका युवा जैसा दिखना इस बात का प्रमाण है कि यदि सही जीवनशैली अपनाई जाए, तो उम्र सिर्फ एक नंबर बनकर रह जाती है। रणबीर अहलाबादिया संग इंटरव्यू में अभिनेता ने अपने फिटनेस सीक्रेट्स खुलकर शेयर किए हैं।
सुनील शेट्टी का दृढ़ विश्वास है कि किसी भी व्यक्ति की शारीरिक बनावट और स्वास्थ्य में 80 प्रतिशत योगदान उसकी रसोई यानी खान-पान का होता है। उनके अनुसार, केवल जिम में पसीना बहाने से कुछ नहीं होता, जब तक कि आपकी डाइट सही न हो। आइए विस्तार से जानते हैं कि उनके इस पूरे फिटनेस रूटीन और '80-10-10 के नियम' में क्या-क्या खास बातें शामिल हैं:
80-10-10 रूल फॉलो करते हैं अन्ना
सुनील शेट्टी का मानना है कि सही समय पर सही जानकारी मिलना बहुत जरूरी है। वह अपनी फिटनेस का श्रेय '80-10-10 के नियम' को देते हैं, जिसमें 80 प्रतिशत हिस्सा उनकी डाइट का होता है, 10 प्रतिशत वर्कआउट या ट्रेनिंग का और बाकी 10 प्रतिशत उनकी अच्छी आदतों का होता है। वह सुबह जल्दी उठने और रात को समय पर सोने के अनुशासन का सख्ती से पालन करते हैं। इसके अलावा, वह रोजाना सुबह 45 मिनट से 1 घंटा कसरत करते हैं।
कैसा है सुनील शेट्टी का खानपान
खाने-पीने के मामले में उनका तरीका बेहद सरल और व्यावहारिक है। वह बाहर से खाना ऑर्डर करने से बचते हैं क्योंकि उन्हें नहीं पता होता कि उसमें किस तरह की सामग्री या प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल किया गया है। वह घर का बना शुद्ध और सादा खाना ही पसंद करते हैं।
सुनील शेट्टी का कहना है कि वह अपनी कैलोरी और तेल के इस्तेमाल पर पूरा हिसाब रखते हैं। इसके अलावा, वह सफेद रंग की चार चीजों- चीनी, नमक, सफेद चावल और दूध, से दूरी बनाकर रखते हैं, जो उन्हें स्वस्थ और फिट रखने में मदद करती हैं।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, सुनील शेट्टी का यह फिटनेस अप्रोच किसी कड़े ट्रेंड या फैड डाइट के बजाय लंबे समय तक साथ निभाने वाली स्वस्थ आदतों पर आधारित है। उनका मानना है कि कभी-कभार होने वाले वर्कआउट से ज्यादा जरूरी यह है कि आप हर रोज क्या खाते हैं।
