हर माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल इसलिए भेजते हैं, ताकि वे वहां सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकें, लेकिन हरियाणा के पंचकूला से सामने आई एक घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर पेरेंट्स को चिंता में डाल दिया। यहां सेक्टर-20 स्थित शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल में KG में पढ़ने वाली एक बच्ची पर तीसरी कक्षा के छात्र द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
छात्रा के बेहोश होने पर भी करता रहा हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी छात्र ने बच्ची को उसके पिता के बुलाने का बहाना बनाकर स्कूल की पहली मंजिल पर बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि वहां ले जाने के बाद छात्र ने बच्ची पर पत्थरों से हमला किया। इसके बाद उसने गमला उठाकर भी बच्ची को चोट पहुंचाई। आरोप है कि बच्ची के बेहोश होने के बाद भी उस पर हमला किया गया और उसे काफी देर तक घसीटा गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
गंभीर हालत में PGI चंडीगढ़ रेफर
घटना के बाद घायल बच्ची को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी छात्र ही परिजनों को बच्ची तक लेकर पहुंचा
इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। बच्ची के चाचा फाजिल के मुताबिक, जब परिवार के लोग बच्ची को तलाशते हुए स्कूल पहुंचे तो कथित तौर पर मारपीट करने वाला तीसरी कक्षा का छात्र ही उन्हें बच्ची के पास लेकर गया। परिजनों का कहना है कि बच्ची वहां घायल और बेसुध हालत में पड़ी थी।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद बच्ची के परिवार ने स्कूल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि अगर स्कूल में लगे CCTV कैमरों की निगरानी प्रिंसिपल के कार्यालय से होती है, तो इतनी बड़ी घटना किसी की नजर में क्यों नहीं आई? उनका सवाल है कि क्या स्कूल के कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई? अगर ऐसा हुआ तो समय रहते शिक्षकों या कर्मचारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली? परिजनों का मानना है कि यदि किसी की नजर समय रहते बच्ची पर पड़ जाती, तो उसे इतनी गंभीर चोटें लगने से बचाया जा सकता था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ स्कूल पहुंचे। पुलिस स्कूल प्रबंधन से जानकारी जुटा रही है। वहीं, आरोपी छात्र के माता-पिता से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
