Rahul Gandhi News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी शविवार को अचानक से भारत जोड़ो न्याय यात्रा बीच में छोड़कर अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के लिए निकल गए। कांग्रेस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को राहुल गांधी सीधे प्रयागराज पहुंचेंगे, जहां से फिर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत होगी।
क्यों राहुल गांधी गए वायनाड
दरअसल राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड में एक घटना घट गई है। वायनाड में शुक्रवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में उसे भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक वन विभाग का ‘इको-टूरिज्म’ गाइड था, जो राज्य के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुरुवा द्वीप पर तैनात था। इसकी सूचना मिलने के बाद राहुल गांधी वायनाड रवाना हो गए।
कांग्रेस की ओर से क्या कहा गया
कांग्रेस की ओर से इस मामले पर कारण नहीं बताया गया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा- "वायनाड में राहुल गांधी की उपस्थिति की तत्काल आवश्यकता है। वह आज शाम 5 बजे वाराणसी से प्रस्थान कर रहे हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा कल 18 फरवरी को दोपहर 3 बजे प्रयागराज से फिर से शुरू होगी।"
भदोही का कार्यक्रम कैंसिल
राहुल के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' गत 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी। यात्रा आज वाराणसी में थी। जिसके बाद उन्हें भदोही जाना था। भदोही जिले में रजपुरा चौराहे पर उनका कार्यक्रम तय था, जिसे कैंसिल करके राहुल, वायनाड निकले हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
