देश

दरक रही विपक्षी गठबंधन INDIA की दीवार: बिहार में AAP तैयार, सपा ने MP में उतारे उम्मीदवार

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Aug 28, 2023, 09:26 AM IST

Tussle in I.N.D.I.A. Alliance: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश में दो और उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उन्होंने रविवार को धौहानी सीट से विश्वनाथ सिंह गौड़ मरकाम और चितरंगी से श्रवण कुमार सिंह गौड़ को मैदान में उतारने की घोषणा की है। वहीं, आम आदमी पार्टी बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने का मन बना चुकी है।

Image

विपक्षी गठबंधन INDIA में तकरात!

Photo : PTI

Tussle in I.N.D.I.A. Alliance: लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा से मुकाबला करने के लिए विपक्ष दलों ने INDIA गठबंधन तैयार किया है। इसकी तीसरी और अहम बैठक मुंबई में प्रस्तावित है। इस बैठक पर NDA समेत सभी की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि मुंबई बैठक के दौरान INDIA गठबंधन की पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग का फार्मूला तय हो सकता है। वहीं नीतीश कुमार ऐलान कर चुके हैं कि मुंबई बैठक के दौरान INDIA में कुछ अन्य दल और जुड़ेंगे।

हालांकि, उनके दावे से इतर INDIA गठबंधन के अंदर दरार पड़ती दिख रही है। एक ओर समाजवादी पार्टी में मध्य प्रदेश में उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने का मन बना रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मुंबई बैठक के दौरान विपक्षी एकता की कलई खुल सकती है।

सपा ने की दो और उम्मीदवारों की घोषणा

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश में दो और उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उन्होंने रविवार को धौहानी सीट से विश्वनाथ सिंह गौड़ मरकाम और चितरंगी से श्रवण कुमार सिंह गौड़ को मैदान में उतारने की घोषणा की है। इसके अलावा बीते बुधवार को मेहगांव, भांडेर, निवाड़ी और राजनगर सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित किए गए थे। सपा के इस ऐलान के बाद कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। दरअसल, कांग्रेस ने विपक्षी एकता के चलते उत्तर प्रदेश के घोसी उपचुनाव में उम्मीदवार न उतारने का फैसला किया है। कांग्रेस ने यहां समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया है। इसके विपरीत सपा मध्य प्रदेश की जिन 6 सीटों पर दांव खेलने जा रही है, वहां तीन पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।

बिहार में आप कर रही तैयारी

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आम आदमी पार्टी भी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का मन बना चुकी है। पार्टी के महासचिव संदीप पाठक का कहना है कि आप बिहार में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने इसके बाबत दिल्ली में बिहार के नेताओं से मुलाकात भी की थी। आप की ओर से इस संकेत के बाद राजद ने प्रतिक्रिया भी दी थी और विपक्षी गठबंधन INDIA के सिद्धांत याद रखने की अपील की थी।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article