देश

MP चुनाव से पहले कांग्रेस पर BJP का बड़ा प्रहार: प्रियंका-कमलनाथ के खिलाफ 41 जिलों में कराई FIR,जानें- क्या है पूरा केस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 14, 2023, 12:31 AM IST

मध्य प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप वाले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर इंदौर में प्रियंका गांधी, कमलनाथ और अरुण यादव जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के ट्विटर खातों के ‘‘हैंडलर’’ (खाता चलाने वाला व्यक्ति) के खिलाफ शनिवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई।

Image

कमलनाथ और प्रियंका गांधी साथ में हैं अन्य कांग्रेसी नेता

Photo : PTI

मध्यप्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते जा रहा है, वैसे-वैसे बीजेपी-कांग्रेस के बीच लड़ाई भी तेज होती जा रही है। जुबानी जंग के बाद अब ये लड़ाई कानूनी जंग में तब्दील होती दिख रही है। भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी, कमलनाथ समेत कई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष केके मिश्रा ने दावा किया कि प्रियंका, कमलनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और जयराम रमेश के खिलाफ राज्य के 41 जिलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध शाखा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की इकाई बन गई है। साथ ही इनके सोशल मीडिया हैंडलरों के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया गया है।

इंदौर में FIR

मध्य प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप वाले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर इंदौर में प्रियंका गांधी, कमलनाथ और अरुण यादव जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के ट्विटर खातों के ‘‘हैंडलर’’ (खाता चलाने वाला व्यक्ति) के खिलाफ शनिवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई। शनिवार को इंदौर के पुलिस आयुक्त के आधिकारिक ट्विटर खाते पर जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि भाजपा के विधि प्रकोष्ठ की स्थानीय इकाई के संयोजक नीमेष पाठक ने शिकायत की है कि ज्ञानेंद्र अवस्थी नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से फर्जी पत्र वायरल किया है, जिसमें ठेकेदारों से 50 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने की बात लिखी गई है।

किनका-किनका नाम FIR में शामिल

विज्ञप्ति में कहा गया कि इस शिकायत पर शहर के संयोगितागंज पुलिस थाने में अवस्थी के साथ ही प्रियंका गांधी वाद्रा, कमलनाथ और अरुण यादव के ट्विटर खातों के हैंडलर के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच की जा रही है। इससे पहले, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने दावा किया कि संयोगितागंज पुलिस थाने में ज्ञानेंद्र अवस्थी और अन्य के साथ ही संबंधित ट्विटर हैंडल पर दर्ज नाम के आधार पर प्रियंका गांधी वाद्रा, कमलनाथ और अरुण यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि यह प्राथमिकी भारतीय दंड विधान की धारा 420 (धोखाधड़ी) और धारा 469 (ख्याति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जालसाजी) के तहत दर्ज की गई है।

ग्वालियर में भी FIR

इस मामले में भाजपा द्वारा ग्वालियर में भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इससे पहले दिन में भाजपा नेताओं ने प्रियंका गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

क्या है मामला?

प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को ट्विटर पर दावा किया कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उन्हें 50 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही भुगतान मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया था- "कर्नाटक की भ्रष्ट भाजपा सरकार 40 प्रतिशत कमीशन वसूलती थी। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया अब मध्य प्रदेश की जनता 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से हटाएगी।"
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article