देश

जैकलीन फर्नांडीज की बेल पर फैसला टला, अब 15 नवंबर को होगी सुनवाई; बढ़ाई गई अंतरिम जमानत की अवधि

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 11, 2022, 10:02 PM IST

Jacqueline Fernandez Bail: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज की नियमित जमानत पर शुक्रवार को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सुनवाई की। इस दौरान जैकलीन फर्नांडीज ने ईडी पर परेशान करने का आरोप लगाया और ईडी ने अपना पक्ष रखते हुए जैकलीन की गिरफ्तारी की मांग की।

Image

मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में आरोपी है जैकलिन फर्नांडीस (फोटो- @AsliJacquelineFernandez)

Jacqueline Fernandez Bail: महाठग सुकेश चंद्रशेखर के साथ रिश्ते को लेकर चर्चा में आई जैकलीन फर्नांडीज को कोर्ट से राहत मिली है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने अभिनेता जैकलीन फर्नांडीज की अंतरिम जमानत 15 नवंबर तक बढ़ा दी है। इस मामले में अब अगली सुनवाई 15 नवंबर को होगी। उसी दिन जैकलीन की नियमित जमानत पर फैसला आएगा।

इससे पहले गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय के साथ ही जैकलीन की ओर से पेश हुए वकीलों की दलीलें सुनने के बाद शुक्रवार के लिए फैसला सुरक्षित रख लिया था। जिसके बाद आज अंतरिम जमानत की अविधि बढ़ा दी गई।

वहीं निचली अदालत में सुनवाई के दौरान ED ने सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए जैकलीन की जमानत का विरोध किया था। जैकलीन की रेगुलर बेल पर सुनवाई के दौरान उनके वकील ने कहा कि जैकलीन मामले की जांच में सहयोग कर रही है। वहीं ईडी ने आरोप लगाया कि वो देश छोड़कर भागने वाली हैं।

जैकलीन फर्नांडीज को ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने आरोपी बनाया है। सुकेश चंद्रशेखर के साथ जैकलीन का रिश्ता जबरन वसूली मामले की जांच का हिस्सा है। सुकेश ने जैकलीन फर्नांडीज पर खूब पैसा खर्च किया था और उन्हें कई लग्जरी आइटम गिफ्ट किए थे। विभिन्न जांच एजेंसियों द्वारा करीब 30 मामलों में आरोपी सुकेश चंद्रशेखर पर जेल में बंद एक कारोबारी की पत्नी से रंगदारी वसूलने का आरोप है।

जैकलीन का नाम जब से ठग चंद्रशेखर से जुड़ा है, वो जांच एजेंसियों के रडार पर है। इस मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के साथ-साथ ईडी भी पूछताछ कर चुकी है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article