SP सदस्यता के अभियान का आगाज कर बोले अखिलेश- महाराष्ट्र-MP में "ED सरकार", योगी के काम पर भी दागे सवाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 5, 2022, 08:48 PM IST

यूपी के पूर्व सीएम ने बताया कि सदस्यता के अभियान के बाद संगठन पुनः बनेगा। सपा का लोकतंत्र बचाने का यह अभियान लगातार चलता रहेगा।

SP सदस्यता के अभियान का आगाज कर बोले अखिलेश- महाराष्ट्र-MP में "ED सरकार", योगी के काम पर भी दागे सवाल
Photo Credit: ANI

समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने दल के सदस्यता अभियान का आगाज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि उन लोगों की हर गांव और घर तक पहुंचने की तैयारी है। सपा प्रमुख ने इस दौरान योगी सरकार के काम को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में ईडी की सरकार है।  

सपा की लोकतंत्र बचाने की मुहिम
बकौल यादव, "सपा की आज से सदस्यता शुरू हुई है। यह लगातार चलती रहेगी। कोशिश रहेगी कि ज्यादा से ज्यादा गांव और हर घर तक पहुंचे। पार्टी की बात, नीतियों, कार्यक्रमों और फैसलों आदि की जानकारी लोगों के बीच पहुंचे। इस अभियान के जरिए हर वर्ग के लोगों के बीच पहुंचा जाएगा। लोगों के बीच यह बताना है कि लोकतंत्र बचाने के लिए समाजवादी पार्टी के लोग आगे आ रहे हैं। आप इसमें सहयोग करें और जुड़ें।"

"गांव, शहर और घर तक पहुंचने की है तैयारी"
उन्होंने आगे बताया कि लखनऊ से जो हमारी पार्टी से चुनाव लड़े थे, वे सदस्य बनाए गए हैं। साथ ही पार्टी के और सदस्य भी मेंबर बनाए गए हैं। उम्मीद है कि उनके माध्यम से सदस्यता का यह कार्यक्रम चलेगा। पार्टी की गांव, शहर और घर तक पहुंचने की तैयारी होगी। अभियान खत्म होने के बाद संगठन फिर से बनेगा और यह लगातार चलता रहेगा। 

दो जगह चुनाव में हार पर क्या दिया जवाब? 
आजमगढ़ और रामपुर में हार से जुड़े सवाल पर उन्होंने जवाब दिया, "वह समीक्षा अभी आपके सामने नहीं करेंगे। केवल सपा सदस्यता अभियान चलाने जा रही है। यही कार्यक्रम लगातार चलेगा। पार्टी नेता जिला या मंडल स्तर पर जाकर सदस्यता अभियान को चलाएंगे। कितने सदस्य बने हैं...यह बात में हम बताएंगे। डेटा एकजुट कर यह जानकारी दी जाएगी।"

बोले यादव- योगी सरकार में कुछ ताकते हैं जो...
वह आगे बोले- सरकार जहां 100 दिन की उपलब्धि बता रही है, उनको 5 साल 100 दिन की उपलब्धि बतानी चाहिए। इनकी उपलब्धि की पोल तब खुली जब उनके उपमुख्यमंत्री लखनऊ वापस आए और उनसे बिना पूछे तबादला कर दिया... भ्रष्टाचार, अन्याय चरम पर है...सरकार में कुछ ऐसी ताकतें हैं जो पीछे से चला रही है। 

ED, CBI का दुरुपयोग कर रही BJP: अखिलेश
उन्होंने कहा, "कांग्रेस जब दिल्ली में थी तब वह अपने विपक्ष के पीछे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) लगाती थी और उसी रास्ते पर भाजपा है। महाराष्ट्र (शिवसेना के बागी एकनाथ शिंदे की सरकार है, जबकि डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस हैं) में उन्होंने (भाजपा ने) स्वीकार कर लिया कि वहां ईडी सरकार है। ईडी सरकार मध्य प्रदेश (सूबे में सीएम शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार है) और अन्य राज्यों में भी है। भाजपा इन संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।" 
 

End of Article