देश

'खाया, खाने दिया और खिलवाया भी...', खांडू मामले को लेकर कांग्रेस ने PM मोदी पर लगाए गंभीर आरोप

Pema Khandu Controversy: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने सरकारी ठेकों से जुड़े मामले में गंभीर सवाल उठने के बावजूद खांडू के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद भी मामले में सरकार का रवैया कई सवालों को जन्म देता है।

Image

खांडू को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए- जयराम रमेश

Photo : PTI

Pema Khandu Controversy: कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के परिवार से कथित तौर पर जुड़ी कंपनियों को सरकारी ठेके दिए जाने के मामले को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ गंभीर सवाल उठने के बावजूद उन्हें पद पर बनाए रखा गया है।

"खाया है, खाने दिया है और खिलवाया भी है"

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह "खाया है, खाने दिया है और खिलवाया भी है" वाली राजनीति का एक और उदाहरण है। रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उच्चतम न्यायालय ने छह अप्रैल, 2026 को अरुणाचल प्रदेश में 2015 से 2025 के बीच दिए गए करीब 1,270 करोड़ रुपये के सरकारी कार्यों के ठेकों को लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को प्रारंभिक जांच करने का निर्देश दिया था।

खांडू को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए- जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि खांडू को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था या उनसे इस्तीफा लिया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि खांडू और प्रधानमंत्री ने इस मामले का सामना करने का फैसला किया। रमेश के मुताबिक, बीते तीन अगस्त को उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई की उस रिपोर्ट पर संज्ञान लिया जिसमें अरुणाचल प्रदेश सरकार पर जांच में सहयोग नहीं करने और जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया गया था।

पीएम मोदी पर 'पाखंड' का आरोप लगाते हुए कही ये बात

इसके बाद अदालत ने राज्य के मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव (गृह) को 24 अगस्त को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था। उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि 24 अगस्त को हुई सुनवाई में राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि उसने सीबीआई को मांगे गए रिकॉर्ड और दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। कांग्रेस ने कहा कि मुख्यमंत्री का पद पर बने रहना 'असाधारण और पूरी तरह अस्वीकार्य" है। रमेश ने प्रधानमंत्री पर 'पाखंड' का आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला केंद्र सरकार की कथित दोहरी नीति को उजागर करता है। उन्होंने कहा, "एक और उदाहरण है, खाया है, खाने दिया है और खिलवाया भी है।"
Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article