Indore News: इंदौर में राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियों के बीच उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब कार्यक्रम स्थल पर एक काला कोबरा दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि सांप उस VIP डोम के आसपास नजर आया, जिसे राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के लिए तैयार किया गया है। सांप दिखने के बाद वहां काम कर रहे कर्मचारियों और मजदूरों में डर का माहौल पैदा हो गया।
देखते ही देखते सांप VIP लाउंज की तरफ चला गया सांप
जानकारी के मुताबिक, जिस डोम में राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करने वाले हैं, उसके पास ही अचानक काले कोबरा की मौजूदगी का पता चला। देखते ही देखते सांप VIP लाउंज की तरफ चला गया। कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे लोगों ने सांप को देखकर तत्काल वहां से दूरी बना ली और इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी।
VIP डोम में राहुल और कांग्रेस नेताओं के ठहरने की व्यवस्था
बताया गया है कि VIP डोम में राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य बड़े नेताओं के ठहरने तथा कुछ समय आराम करने की व्यवस्था की गई है। डोम के भीतर एक वेटिंग एरिया भी बनाया गया है, जहां कार्यक्रम के दौरान नेता फ्रेश होने और कुछ देर रुकने के लिए जा सकते हैं। ऐसे में सांप के लाउंज की ओर पहुंचने से सुरक्षा और तैयारियों में जुटे लोगों के बीच चिंता बढ़ गई।
स्नेक कैचर को बुलाया गया
सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए स्नेक कैचर को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद कोबरा को रेस्क्यू करने की कोशिश शुरू की गई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों की नजरें अब सांप को सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर टिकी रहीं। घटना के बाद VIP डोम के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है, ताकि कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
