स्पोर्ट्स

Asian Games 2026: टेकबॉल में ऐतिहासिक पदक के करीब पहुंची क्विम्सी डिसूजा, भारत को दिलाएंगी पहला मेडल

भारत की क्विम्सी जोआकिम डिसूजा एशियाई खेलों की टेकबॉल प्रतियोगिता के महिला एकल के सेमीफाइनल में ऐतिहासिक पदक जीतने के करीब पहुंच गई हैं।

Image

क्विम्सी जोआकिम डिसूजा (फोटो क्रेडिट Instagram)

नागोया (जापान): भारत की क्विम्सी जोआकिम डिसूजा ने शुक्रवार को एशियाई खेलों की टेकबॉल प्रतियोगिता के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई और इस तरह से वह इस खेल में ऐतिहासिक पदक जीतने के करीब पहुंच गई। एशियाई खेलों में पदार्पण करते हुए क्विम्सी ने नागोया सिटी हिगाशी स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए अपने ग्रुप ए के पहले मैच में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त युइना सकामोटो को 2-1 (10-12, 12-11, 13-11) से हराकर उलटफेर किया। यह मैच 43 मिनट तक चला।

नहीं खेलना पड़ा क्वार्टर फाइनल

इस युवा भारतीय खिलाड़ी ने ग्रुप के अपने दूसरे मैच में भी लय बरकरार रखते हुए कंबोडिया की कोएमयेन डीवाई को केवल 24 मिनट में 2-0 (12-9, 12-7) से हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहने के कारण उन्हें बाइ मिल गई और उन्हें क्वार्टर फाइनल नहीं खेलना पड़ा। वह शनिवार को सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की सुमाया से भिड़ेंगी और इस मैच में जीत हासिल करने पर टेकबॉल में भारत का पहला पदक पक्का हो जाएगा। यह 24 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी इस मैच में हार भी जाती है तो उन्हें प्लेऑफ के जरिए पदक हासिल करने का एक और मौका मिलेगा। हालांकि, क्विम्सी और मोहम्मद अनस इमरान बेग की भारतीय जोड़ी मिश्रित युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में वियतनाम के होआंग मिन्ह तान गुयेन और जिया नघी त्रिन्ह से 0-2 (7-12, 10-12) से हार गई। भारतीय जोड़ी के पास अब भी पदक जीतने का मौका है क्योंकि उसने अपना रिपेचेज मुकाबला जीत लिया है।

जीत के साथ भारत ने की शुरुआत

भारतीय जोड़ी ने ग्रुप ए के अपने पहले मुकाबले में फिलीपींस के जोहाना अबुलेंसिया और प्रिंस ऑगस्टिन को 2-0 (12-10 12-3) से हराकर सकारात्मक शुरुआत की। क्विम्सी और बेग अगले दो मुकाबलों में कंबोडिया के थुओनविरेक बुन और सोफोर्नराक्समे योर्न से 0-2 (3-12 8-12) से और थाईलैंड के फाकपोंग देजारोएन और सुफावादी वोंगखामचान की जोड़ी से 0-2 (3-12 8-12) से हार गए। लेकिन भारतीय जोड़ी ने जोरदार वापसी करते हुए सलमान अलेब्राहीम और हेस्सा अलफैलाकवी पर 2-0 (12-1 12-6) से जीत दर्ज करके क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की की, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा। क्विम्सी और बेग ने रिपेचेज राउंड में अबुलेंसिया और ऑगस्टिन को 2-0 (12-3 12-6) से हराया।

क्या होता है टेकबॉल?

टेकबॉल को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। टेकबॉल फुटबॉल और टेबल टेनिस का मिश्रण है। इस खेल का आविष्कार 2014 में हंगरी में फुटबॉल के शौकीन गैबोर बोरसानी, ग्योरगी गैटियन और विक्टर हुस्ज़ार ने किया था। पहली आधिकारिक टेकबॉल विश्व चैंपियनशिप 2017 में बुडापेस्ट में आयोजित की गई थी। टेकबॉल में खिलाड़ी हाथों और बाजुओं को छोड़कर अपने शरीर के लगभग हर हिस्से का उपयोग करते हुए एक मानक आकार की फुटबॉल को एक पारदर्शी प्लेक्सीग्लास से विभाजित घुमावदार टेबल पर उछालते हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article