देश

आत्मनिर्भर भारत की आसमानी ताकत! राजनाथ सिंह ने IAF को सौंपे तेजस-HTT-40 ट्रेनर, पवन हंस को मिले ध्रुव NG हेलीकॉप्टर

Indian Air Force: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बेंगलुरू में HAL द्वारा निर्मित स्वदेशी विमानों और हेलीकॉप्टरों के हस्तांतरण समारोह में शिरकत की। इस कार्यक्रम के तहत भारतीय वायुसेना को एलसीए तेजस FOC ट्रेनर विमान और HTT-40 बेसिक ट्रेनर विमान सौंपे गए।

Image

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने HAL से सौंपे तेजस ट्रेनर और ध्रुव हेलीकॉप्टर

Photo : ANI

Indian Air Force: भारत की रक्षा और एयरोस्पेस विनिर्माण क्षमता के लिए शुक्रवार का दिन बेहद ऐतिहासिक साबित हुआ। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में आयोजित एक विशेष पूजा समारोह के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा निर्मित स्वदेशी विमानों और हेलीकॉप्टरों की नई खेप भारतीय वायुसेना (IAF) और पवन हंस लिमिटेड को सौंपी।

इस महत्वपूर्ण हस्तांतरण कार्यक्रम के तहत HAL ने भारतीय वायुसेना को दो एलसीए तेजस FOC (फाइनल ऑपरेशनल क्लीयरेंस) ट्विन-सीटर ट्रेनर विमान और HTT-40 बेसिक ट्रेनर विमान सौंपे। इसके साथ ही, नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए चार 'ध्रुव नेक्स्ट जनरेशन' (Dhruv NG) हेलीकॉप्टर पवन हंस लिमिटेड (PHL) को प्रदान किए गए। HAL के अधिकारियों के अनुसार, दो तेजस FOC ट्रेनर विमान मिलने के बाद 2010 के अनुबंध के तहत सभी चार ट्विन-सीटर विमानों की डिलीवरी अब पूरी हो चुकी है।

हर मौसम में उड़ान भरने वाला विमान

यह 4.5 जनरेशन का हल्का, हर मौसम में उड़ान भरने वाला बहुउद्देश्यीय विमान है, जिसे विशेष रूप से वायुसेना के पायलटों को आधुनिक लड़ाकू ट्रेनिंग देने के लिए डिजाइन किया गया है। इसके साथ ही 70 एचटीटी-40 (HTT-40) बेसिक ट्रेनर विमानों के अनुबंध के तहत भी पहली डिलीवरी की शुरुआत हो गई है, जिससे भारत के नए पायलटों की शुरुआती ट्रेनिंग और मजबूत होगी।

एक बार में 14 यात्रियों को ले जाने में सक्षम

दूसरी ओर, नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए 'ध्रुव एनजी' का शामिल होना एक बड़ी उपलब्धि है। यह भारत में निर्मित पहला नागरिक प्रमाणित 5.5 टन का लाइट ट्विन-इंजन हेलीकॉप्टर है। यह एक बार में 14 यात्रियों को ले जाने में सक्षम है और इसकी अधिकतम रफ्तार 285 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसका उपयोग वीआईपी यात्रा, एयर एम्बुलेंस, आपदा राहत और ऑफशोर ऑपरेशन्स में किया जाएगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह हैंडओवर भारत की 'आत्मनिर्भर भारत' पहल को मजबूती देता है। अब भारत न केवल सैन्य उड्डयन में आत्मनिर्भर बन रहा है, बल्कि नागरिक और वाणिज्यिक विमानन के क्षेत्र में भी दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article