Weight Loss Benefits Of Ice Apple Tadgola: गर्मियों में शरीर को ठंडक देने के साथ फिटनेस बरकरार रखने वाले फलों की बात हो तो आइस एप्पल, जिसे ताड़गोला भी कहा जाता है, एक बेहतरीन विकल्प है। यह फल दिखने में जेली जैसा होता है और खाने में हल्का मीठा व बेहद ताज़गी भरा लगता है। हेल्थ इन्फ्लुएंसर और डाइटिशियन शिखा कुमारी के मुताबिक, आइस एप्पल में पानी भरपूर मात्रा में होता है और इसकी कैलोरी भी काफी कम होती है। यही वजह है कि यह वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए अच्छा स्नैक माना जाता है। गर्मी से राहत दिलाने के साथ-साथ यह शरीर को हाइड्रेट रखने और पेट को आराम देने में भी मदद कर सकता है।
वजन घटाने में क्यों है मददगार
जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए आइस एप्पल एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें कैलोरी कम होती है, लेकिन इसे खाने के बाद पेट जल्दी खाली नहीं लगता। इससे बार-बार कुछ खाने की इच्छा कम हो सकती है और अनहेल्दी स्नैक्स से दूरी बनाने में मदद मिल सकती है।
गर्मी में रखे शरीर को तरोताजा
आइस एप्पल में पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है। गर्मियों में पसीने के कारण शरीर में पानी की कमी होने लगती है। ऐसे में यह फल शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। इसे खाने के बाद ताजगी महसूस होती है और शरीर हल्का-फुल्का लगता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Zero Calorie ड्रिंक्स का असली सच! क्या चीनी की जगह आर्टिफिशियल स्वीटनर वाली ड्रिंक पीना है सुरक्षित, डॉक्टर से जानिए
पेट को दे सकता है आराम
गर्मी के मौसम में कई लोगों को पेट में जलन, भारीपन या अपच की परेशानी होती है। शिखा कुमारी बताती हैं कि आइस एप्पल का ठंडा असर पेट को आराम पहुंचाने में मदद कर सकता है। यही वजह है कि इसे लंबे समय से गर्मियों के खास फलों में गिना जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या डार्क चॉकलेट के साथ ब्लैक कॉफी पीने से तेजी से घटता है वजन, एक्सपर्ट से जानिए पूरी सच्चाई
शरीर की गर्मी कम करने में सहायक
ताड़गोला को पारंपरिक रूप से शरीर को ठंडक देने वाला फल माना जाता है। तेज गर्मी और लू के मौसम में इसे खाने से राहत महसूस हो सकती है। हालांकि यह किसी बीमारी का इलाज नहीं है, लेकिन गर्मियों में शरीर को आराम देने वाला एक प्राकृतिक विकल्प जरूर है।
त्वचा के लिए भी फायदेमंद
जब शरीर में पानी की कमी नहीं होती, तो उसका असर चेहरे पर भी दिखता है। आइस एप्पल शरीर में नमी बनाए रखने में मदद करता है, जिससे त्वचा ताजा और स्वस्थ नजर आ सकती है। साथ ही यह कोल्ड ड्रिंक्स और ज्यादा मीठे पेयों की तुलना में बेहतर विकल्प माना जाता है।
अगर आप गर्मियों में ऐसा फल ढूंढ रहे हैं जो शरीर को ठंडक दे, पेट को हल्का रखे और वजन घटाने की कोशिश में भी मदद करे, तो आइस एप्पल को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। डाइटिशियन शिखा कुमारी के अनुसार, इसे ताजा फल के रूप में खाना सबसे अच्छा तरीका है। यह स्वाद और सेहत, दोनों का अच्छा मेल है।
