हेल्थ

वायु प्रदूषण से कैसे बढ़ रहा है टाइप 2 डायबिटीज का खतरा? हार्ट की सेहत पर भी पड़ रहा है बुरा असर

वायु प्रदूषण सिर्फ फेफड़ों को नहीं, बल्कि ब्लड शुगर और दिल की सेहत को भी प्रभावित कर सकता है। जानिए प्रदूषण कैसे टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ाता है और इससे बचने के लिए क्या सावधानियां जरूरी हैं।

Image

Air Pollution causes type 2 diabetes

Air Pollution and Type 2 Diabetes: आजकल शहरों में हवा की हालत लगातार खराब होती जा रही है। सुबह की सैर हो या घर से ऑफिस जाने का रास्ता, हर जगह प्रदूषण का असर दिखाई देता है। आमतौर पर लोग वायु प्रदूषण को खांसी, सांस लेने में परेशानी और फेफड़ों की बीमारी से जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसका असर शरीर के दूसरे अंगों पर भी पड़ सकता है। खासकर ब्लड शुगर और दिल की सेहत को लेकर एक्सपर्ट्स लगातार चिंता जता रहे हैं।

हवा में मौजूद बेहद छोटे जहरीले कण शरीर के अंदर जाकर सूजन बढ़ा सकते हैं। इससे शरीर के सामान्य कामकाज पर असर पड़ता है और ब्लड शुगर को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से टाइप 2 डायबिटीज का खतरा भी बढ़ सकता है। शैल्बी इंटरनेशनल हॉस्पिटल, गुरुग्राम के इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र तनेजा के अनुसार, प्रदूषण और मेटाबॉलिक स्वास्थ्य के बीच संबंध को समझना बेहद जरूरी है।

प्रदूषण कैसे बढ़ाता है डायबिटीज का खतरा

हवा में मौजूद PM2.5 बेहद छोटे प्रदूषित कण होते हैं, जो सांस के जरिए शरीर के अंदर पहुंच सकते हैं। इनका आकार इतना छोटा होता है कि ये फेफड़ों की गहराई तक जा सकते हैं। इसका असर इंसुलिन के काम करने के तरीके पर भी पड़ सकता है। जब शरीर इंसुलिन का सही इस्तेमाल नहीं कर पाता, तो ब्लड शुगर बढ़ने लगती है। जिसे इंसुलिन रेजिस्टेंस कहा जाता है।

एक्सपर्ट्स के अनुसार, लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है। कुछ शोधों में इसके खतरे में लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी गई है।

डायबिटीज के साथ दिल की बीमारी का रिस्क

प्रदूषण का असर केवल शुगर तक सीमित नहीं रहता। यह दिल और खून की नसों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। PM2.5 जैसे बारीक कण शरीर में सूजन बढ़ाकर नसों की अंदरूनी परत को प्रभावित कर सकते हैं। इससे नसें सख्त होने और उनमें प्लाक जमा होने की आशंका बढ़ सकती है।

दूसरी तरफ, डायबिटीज के मरीजों में भी दिल की बीमारियों का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में अधिक रहता है। ऐसे में जब डायबिटीज और प्रदूषण दोनों का असर एक साथ पड़ता है, तो हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। कुछ अध्ययनों में यह भी सामने आया है कि डायबिटीज और प्री-डायबिटीज वाले लोगों में ट्रैफिक प्रदूषण के संपर्क के दौरान दिल की धड़कन और ECG में बदलाव देखे जा सकते हैं।

वायु प्रदूषण से बचने के लिए क्या करें?

डायबिटीज के मरीजों को प्रदूषण के दिनों में अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए घर से बाहर निकलने से पहले अपने इलाके का AQI यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स जरूर देखें। हवा की गुणवत्ता बहुत खराब होने पर बाहर दौड़ने या ज्यादा मेहनत वाला व्यायाम करने से बचें। घर के अंदर हवा को साफ रखने के लिए HEPA फिल्टर वाले एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे हवा में मौजूद बारीक कणों को कम करने में मदद मिलती है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article