आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब ने केंद्र सरकार से श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व से पहले करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि कॉरिडोर लंबे समय से बंद होने के कारण दुनिया भर के सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कॉरिडोर तत्काल खोलने की अपील की है।
आप सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि श्री करतारपुर साहिब का सिख धर्म में विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। यह वही पवित्र स्थान है, जहां गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा बिताया और मानवता को 'किरत करो' का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व नजदीक है और श्रद्धालु इस पवित्र स्थल पर माथा टेकने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार को बिना देरी किए कॉरिडोर खोलने का फैसला लेना चाहिए।
'व्यापार जारी है तो श्रद्धालुओं को क्यों रोका जा रहा?'
आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और सांसद कुलदीप सिंह धालीवाल ने डेरा बाबा नानक में केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर महीने की 15 तारीख को सिख श्रद्धालु कॉरिडोर खोलने की अरदास करने के लिए जुटते हैं, लेकिन उनकी अपीलों पर अब तक फैसला नहीं हुआ है। धालीवाल ने सुरक्षा कारणों से कॉरिडोर बंद रखने के तर्क पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान के साथ गुजरात के बंदरगाहों के जरिए व्यापार जारी रह सकता है तो सिख श्रद्धालुओं को करतारपुर साहिब जाने से क्यों रोका जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि कॉरिडोर बंद रखने का फैसला सुरक्षा से ज्यादा राजनीतिक है।प्रकाश पर्व से पहले खोलने की मांग
धालीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक गतिविधियां जारी रहने के बावजूद श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थल जाने से रोकना उचित नहीं है। आप नेताओं ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार से अपील की कि गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व से पहले करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोल दिया जाए, ताकि देश-दुनिया की संगत पवित्र स्थल पर माथा टेक सके।
