Does Eating Soya Chunks Daily Decrease Testosterone: सोया चंक यानी सोयाबीन बड़ी भारतीय घरों में प्रोटीन का एक लोकप्रिय और किफायती स्रोत है। खासकर शाकाहारी लोग मसल्स बनाने और शरीर की प्रोटीन जरूरत पूरी करने के लिए इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं। लेकिन पुरुषों के बीच सोया चंक को लेकर एक बड़ा भ्रम है। माना जाता है कि इसका नियमित सेवन करने से टेस्टोस्टेरोन हार्मोन कम हो सकता है, शरीर में एस्ट्रोजन बढ़ सकता है और पुरुषों में गाइनेकोमैस्टिया यानी ब्रेस्ट टिश्यू बढ़ने की समस्या हो सकती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - किस विटामिन की कमी से बच्चों के हाथ-पैरों पर पड़ जाते हैं काले निशान?
इसी डर से कई पुरुष सोया और उससे बने उत्पादों को खाने से बचते हैं। इस विषय पर मशहूर फिटनेस एक्सपर्ट और न्यूट्रिशन रिसर्चर डॉ. Layne Norton ने अपने यूट्यूब वीडियो में वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर चर्चा की है। यहां पढ़ें कि क्या आखिर सच में सोया खाने से पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन कम हो जाता है।
सोया चंक से क्यों डरते हैं पुरुष?
सोया में आइसोफ्लेवोन्स नाम के प्राकृतिक तत्व होते हैं, जिन्हें फाइटोएस्ट्रोजेन कहा जाता है। ये शरीर में एस्ट्रोजन रिसेप्टर्स के साथ जुड़ सकते हैं। इसी वजह से यह धारणा बनी कि सोया खाने से पुरुषों में एस्ट्रोजन बढ़ता और टेस्टोस्टेरोन घटता है।
1,700 से अधिक पुरुषों पर हुई रिसर्च में क्या मिला?
एक बड़े मेटा-एनालिसिस में 18 से 81 वर्ष की आयु के 1,700 से अधिक पुरुषों से संबंधित अध्ययनों का विश्लेषण किया गया। इसमें साबुत सोया, सोया प्रोटीन कंसंट्रेट और सोया प्रोटीन आइसोलेट के प्रभावों को देखा गया।
शोधकर्ताओं ने टोटल टेस्टोस्टेरोन, फ्री टेस्टोस्टेरोन, एस्ट्रोजन, एस्ट्राडियोल और SHBG जैसे हार्मोनल मार्कर्स की जांच की। नतीजों में सोया सेवन से पुरुषों के टेस्टोस्टेरोन या एस्ट्रोजन स्तर में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं पाया गया।
रोज सोया खा सकते हैं?
उपलब्ध रिसर्च के अनुसार, प्रतिदिन 75 मिलीग्राम तक आइसोफ्लेवोन्स का सेवन भी पुरुषों के हार्मोन पर नकारात्मक प्रभाव डालता नहीं पाया गया। हालांकि, सोया चंक में आइसोफ्लेवोन्स की वास्तविक मात्रा उत्पाद और सर्विंग के अनुसार अलग हो सकती है। इसलिए सामान्य संतुलित डाइट में सोया चंक शामिल करने से टेस्टोस्टेरोन कम होने की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
सोया या व्हे प्रोटीन, मसल्स के लिए कौन बेहतर?
मसल बिल्डिंग के मामले में व्हे प्रोटीन में ल्यूसीन की मात्रा अधिक होने के कारण इसे थोड़ा बेहतर माना जाता है। लेकिन सोया प्रोटीन भी उच्च गुणवत्ता वाला प्लांट-बेस्ड प्रोटीन है। शाकाहारी और वीगन लोगों के लिए यह अच्छा विकल्प हो सकता है।
(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हेल्थ यूट्यूबर डॉ. लेन नॉर्टन के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)
